पंकज श्रीवास्तव, छपरा। सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव से एक बेहद ही दुखद खबर सामने आई है, जहां एक पति और पत्नी ने अलग-अलग जगहों पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना कल रविवार की है। मृतक पति-पत्नी की पहचान बबलू कुमार महतो और उसकी पत्नी सपना कुमारी के रूप में हुई है। दोनों की शादी को महज 8 महीने ही पूरे हुए थे। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

चेन्नई में रंगाई-पुताई का काम करता था पति

मिली जानकारी के अनुसार बबलू कुमार 5 महीने पहले चेन्नई में कमाने के लिए गया था। वह वहां पर घर की रंगाई-पुताई का काम करता था। घटना वाले दिन घर पर सपना कुमारी अकेली थी। उसके ससुर शंभू महतो राज मिस्त्री का काम करने के लिए गए हुए थे, जबकि सास सीता देवी खेत में काम करने के लिए गई हुईं थी। खेत से घर लौटने के बाद जब स्नान करने के लिए गई तब खिड़की से बहू का झूलता शव देख उनके होश उड़ गए और वह चिल्लाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद थानाध्यक्ष बिमलेश कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस ने शव को फंदे से उतारा गया और मामले की छानबीन में जुट गई।

पिता को रो-रोकर बुरा हाल

उधर काम पर गए मृतका के ससुर शंभू महतो को चेनई से फोन आया कि उनका बेटे बबलू कुमार महतो 25 वर्ष ने चेनई में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बेटे के मौत की खबर सुनकर वह रोते-बिलखते घर पहुंचे। घर पहुंचने पर उन्हें पता चला कि बेटे के बाद उनकी बहू सपना ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है, जिसके बाद वे चित्कार मारकर रोने लगे। पति-पत्नी के अचानक एक साथ फांसी लगाने की घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, इलाके को लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई।

किसी दूसरे से बात करती थी पत्नी

घटना के संबंध में लोग तरह-तरह की बातें भी कर रहे हैं। वहीं, मृतका की सास सीता देवी ने बताया कि, 8 महीने पहले उन्होंने धूमधाम के साथ अपने बेटे बबलू कुमार की शादी सपना के साथ की थी। उन्होंने बताया कि शाम में उनकी बेटे से फोन पर बात हुई थी। बेटे ने कहा था कि, उसकी पत्नी सपना दूसरे से बात करती है। उसका चाल-चलन अच्छा नहीं है। वो उसे घर से भगाने की बात कर रहा था। इसपर हम लोगों ने कहा कि तुम घर आओ। फिर इसपर बात करते हैं।

जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

इसके बाद दोनों पति-पत्नी में देर रात तक खूब बात हुई और खबर मिली की सुबह अचानक उनके बेटे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि चेन्नई से किसी ने वीडियो कॉल कर बेटे का झूलता हुआ शव बहू को दिखा दिया, जिसके बाद उसने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल पूरा मामला अवैध संबंध और घरेलू विवाद से जुड़ा हुआ प्रतित हो रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

ये भी पढ़ें- ‘शेर के बेटे हैं, दहाड़ेंगे’, दिल्ली कांड को लेकर तेज प्रताप यादव का बड़ा दावा, बोले- जल्द आएगा वीडियो