कुंदन कुमार, पटना। दिल्ली में हुए कथित कांड को लेकर मंत्री संजय कुमार सिंह और तेज प्रताप यादव के बीच जुबानी जंग अब तेज हो गई है। दरअसल तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर खुलकर यह आरोप लगाया है कि संजय कुमार सिंह ने दिल्ली के एक होटल में कथित तौर पर युवती के साथ छेड़छाड़ की और उसका शोषण करने का प्रयास किया। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा है कि इस मामले को रफा-दफा करने के लिए युवती को मोटी रकम दी गई है।

हम शेर का बेटा हैं- तेज प्रताप यादव

तेज प्रताप यादव के इन आरोपों पर मंत्री संजय सिंह ने उन्हें यह चुनौती दी है कि अगर कोई माई का लाल हैं, तो मुझ पर लग रहे आरोपों को सही साबित करके दिखाए। राजनीति से वह संन्यास ले लेंगे। जिसपर अब तेज प्रताप का बयान सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सामने आए वीडियो में वह यह कहते हुए दिख रहे हैं कि वह शेर का बेटा हैं और शेर की तरह ही दहाड़ेंगे।

‘मेरे पास जल्द आने वाला है वीडियो’

तेज प्रताप यादव ने आगे कहा कि, वो कहते हैं कि कोई माई का लाल है, तो हम भी माई का लाल ही हैं। महुआ के विधायक आएं ना हमारे सामने और हमसे फरिया लें। राजनीति से वह संन्यास ले लें आरोप तो साबित हो ही गया है। पैसा देकर सारे मामले को दबा दिया गया है। साथ ही उन्होंने यह भी बड़ा दावा किया कि वो वीडियो भी निकलवा रहे हैं। उनके पास जल्द ही वीडियो भी आने वाला है। तेज प्रताप यादव ने मंत्री संजय सिंह को खुला चैलेंज दिया और कहा कि वो जो किए है उसको हमने सार्वजनिक किया है और आगे भी खुलासा करेंगे।

संजय सिंह ने भेजा है 50 करोड़ का मानहानि नोटिस

कथित दिल्ली कांड को लेकर जारी बयानबाजी के बीच मंत्री संजय कुमार सिंह ने तेज प्रताप यादव को 50 करोड़ का मानहानि नोटिस भेज दिया है। नोटिस जारी करते हुए तेज प्रताप द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण बताया गया है। साथ ही संजय सिंह ने उनके निजी जीवन से जुड़े कई मुद्दों को उठाते हुए कई सारे संगीन और गंभीर आरोप भी लगाए हैं।

ये भी पढ़ें- मंत्री संजय कुमार सिंह ने तेज प्रताप यादव को भेजा 50 करोड़ का मानहानि नोटिस, लगाए कई गंभीर आरोप