० बाइक सवार बदमाशों ने किए 5-6 राउंड फायर, हरियाणा पुलिस के रिटायर्ड इंस्पेक्टर का बेटा घायल

बहादुरगढ़। हरियाणा के बहादुरगढ़ में शुक्रवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी की इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान गांव आसंडा निवासी मंजेश (33) के रूप में हुई है, जो हरियाणा पुलिस से सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर दयानंद राठी का पुत्र है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 9 बजे मंजेश अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने उस पर 5 से 6 राउंड फायरिंग कर दी।

हमलावर फायरिंग के बाद हो गए फरार
फायरिंग के दौरान एक गोली मंजेश की दाईं कमर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही परिजन घायल युवक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। घटना के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।