Bihar Crime: बिहार के गयाजी जिले में एक 35 वर्षीय युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक युवक की पहचान राजदेव भारती के रूप में हुई है, जो इमामगंज थाना क्षेत्र के कुजसेर गांव स्थित कसाई टोली का निवासी था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई।
शराब पीने आए लोगों पर हत्या का शक
घटना के संबंध में यह बताया जा रहा है शराब पीने और ब्रिकी को लेकर हुए विवाद में राजदेव भारती की हत्या की गई है। मृतक की पत्नी मुनिया देवी ने बताया कि, घटना से पहले दो लोग उनके घर पर शराब पीने के लिए आए थे। इसके कुछ देर बाद ही घर के बाहर उनके पति का शव मिला। उन्होंने आरोप लगाया है कि शराब पीने के लिए आए दोनों शख्स ने ही उनके पति की हत्या की है। मुनिया देवी ने पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया
घटनास्थल के पास काफी समय से एक लावारिस बाइक भी पड़ी हुई थी। इस बीच आज बुधवार की सुबह एक युवक उस बाइक को लेने पहुंचा, जिसे स्थानीय ग्रामीणों ने पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उस युवक को हिरासत में लेते हुए उसे अपने साथ थाने लेकर चली गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
अवैध शराब कारोबार में लिप्त है परिवार
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक मृतक का परिवार अवैध शराब के कारोबार में लिप्त है। हर रोज उसके घर लोग शराब पीने और खरीदने के लिए आते हैं। ग्रामीणों को शक है कि शराब से जुड़े विवाद में ही इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। हालांकि अभी तक पुलिस की तरफ से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
छानबीन में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और दोषियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। पुलिस को पीएम रिपोर्ट का भी इंतजार है, जिससे युवक के मौत की असली वजह का पता चल सकेगा। जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच को आगे बढ़ा सकेगी।
ये भी पढ़ें- खुदकुशी या फिर कुछ और…फंदे से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस


