Bihar Crime: बिहार के भोजपुर में पैसे को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पूरा मामला जगदीशपुर थाना क्षेत्र का है, जहां तेंदुनी गांव मोड़ के पास युवक को गोली मारी गई। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर घटनास्थल पर ही गिर पड़ा, जिसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे आनन-फानन में इलाज के लिए लेकर आरा सदर अस्पताल के लिए लेकर निकले, हालांकि बीच रास्ते में ही उसने अपना दम तोड़ दिया।
युवक के सीने में मारी गोली
मृतक युवक की पहचान 20 वर्षीय अभय कुमार पुत्र मनोज यादव के रूप में हुई, जो जगदीशपुर नगर के विशेन टोला स्थित वार्ड नंबर 12 का निवासी था। अभय को सीने में गोली मारी गई थी, जिससे कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। युवक के मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद से सभी घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छानबीन में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी मनोज कुमार और टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय पुलिस बल के साथ मौक पर पहुंचे और मृतक युवक के परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल का भी जायजा लिया और स्थानीय कुछ लोगों से पूछताछ की। वहीं, मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पैसे के लेनदेन में हत्या की आशंका
मिली जानकारी के अनुसार पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में इस घटना को अंजाम दने की बात सामने आ रही है। हालांकि गोली किसने चलाई? किस बात को लेकर विवाद हुआ? अभी तक इसका पता नहीं चल सका है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए छानबीन में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें- ‘अब तो तू और पिटेगी’, दिल्ली में महिला पत्रकारों से मारपीट पर सियासत गर्म, तेजस्वी ने BJP को घेरा



