वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के सारे थाना क्षेत्र में अपराधियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार की देर रात नोनिया पुल के समीप हथियारबंद अपराधियों ने एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। बेखौफ बदमाशों ने एक मोबाइल दुकानदार को पिस्तौल की नोक पर रोक लिया और उनसे हजारों रुपये नकद, सोने की चैन और मोबाइल फोन लूट लिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर अपराधियों ने दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया और घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।

घायल युवक का इलाज जारी

घायल युवक की पहचान बड़ेपुर गांव निवासी ब्रह्मदेव यादव के पुत्र सुधीर कुमार के रूप में हुई है, जो बेनार में मोबाइल दुकान चलाते हैं। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बदमाशों द्वारा किए गए चाकू से हमले में पीड़ित युवक का एक हाथ बुरी तरह से चोटिल हो गया है। हाथ पर दो जगह चाकू से गहरे चोट लगे हैं।

सोने की चैन, मोबाइल और 80 हजार लूटे

पीड़ित सुधीर कुमार ने बताया कि वे दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इस बीच नोनिया पुल के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। एक अपराधी बाइक स्टार्ट कर खड़ा रहा, जबकि दो बदमाशों ने पिस्तौल तानकर उनसे करीब 80 हजार रुपये नकद, सोने की चैन और मोबाइल फोन लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू मारकर घायल कर दिया और बरबीघा की ओर फरार हो गए।

छानबीन में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सारे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस को शक है कि वारदात से पहले अपराधियों ने पीड़ित की रेकी की थी, क्योंकि एक दिन पहले भी कुछ संदिग्ध बाइक सवारों ने उन्हें रोकने की कोशिश की थी। फिलहाल पुलिस जल्द मामले के खुलासे और अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

ये भी पढ़ें- सीवान में ज्वेलरी शॉप से 20 लाख की लूट: तेजस्वी का CM सम्राट पर तंज, बोले- जाति देख मारी जाएगी गोली