Bihar Crime: राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां आपसी विवाद के दौरान एक युवक की छत से गिरकर मौत हो गई। वहीं, दूसरा युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरा मामला राजीव नगर थाना क्षेत्र का है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

जांच के लिए पहुंची FSL की टीम

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची राजीव नगर थाने की पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया। मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम ने क्राइम सीन से कुछ जरूरी साक्ष्य एकत्र किए, जो जांच में आगे चलकर काफी काम आ सकते हैं।

घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी

पुलिस ने गोली लगने से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, पुलिस ने मौके से एक हथियार भी बरामद किया है। पुलिस इस मामले को आपसी विवाद से जोड़ कर देख रही है। फिलहाल पुलिस घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

राजू की हत्या करने पहुंचा था मृतक

सिटी एसपी ममता कल्याणी ने बताया कि, मृतक युवक की पहचान मोतिहारी निवासी पियेश रंजन के रूप में हुई है, जो राजीव नगर में रहने वाले राजू नाम के युवक को गोली मारने के लिए आया हुआ था, जिसकी गोली लगने से राजू घायल हो गया। वहीं, पियेश रंजन की छत से गिरकर मौत हो गई। उन्होंने बताया कि, घायल राजू मसौढ़ी का रहना वाला है, जो राजीव नगर में किराए के मकान में रहता है।

उन्होंने बताया कि, राजू से पियेश रंजन का पुराना विवाद चल रहा था। प्रथमदृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। फिलहाल पुलिस घटना के सभी बिन्दुओं की जांच में जुटी है। उन्होंने जल्द ही मामले का खुलासा करने की बात कही है।

ये भी पढ़ें- सांसद कौशलेंद्र कुमार बने फरिश्ता, सड़क पर तड़प रहे घायल युवक को खुद पहुंचाया अस्पताल