अविनाश श्रीवास्तव/डेहरी/रोहतास। जिले के डेहरी एनीकट स्थित पहाड़ के पास बने योग स्थल के समीप से एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान औरंगाबाद जिले के अंबा थाना अंतर्गत मंगल बिगहा गांव निवासी रौशन कुमार के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद से ही क्षेत्र में चर्चाओं और आशंकाओं का बाजार गर्म है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार रौशन कुमार परदेस में रहकर मजदूरी करता था। करीब एक सप्ताह पूर्व जब वह अपने गांव लौट रहा था तो औरंगाबाद पुलिस ने उसे मोबाइल चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई थी। जमानत के महज कुछ दिनों बाद ही उसका शव डेहरी के सुनसान इलाके से मिलना कई गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है।
घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पुलिसिया कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही डेहरी पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर एक जोड़ी चप्पल, मोबाइल के दो सिम कार्ड, एक डायरी, पानी की बोतल और नशीले पदार्थों के सेवन से संबंधित कई संदिग्ध वस्तुएं बरामद की हैं। चूंकि यह इलाका काफी सुनसान है और अक्सर असामाजिक तत्वों व नशेड़ियों का अड्डा बना रहता है, इसलिए पुलिस इसे नशाखोरी से जोड़कर भी देख रही है। मौके पर एफएसएल (FSL) की टीम ने भी जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के शरीर की स्थिति को देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। शव की आंखों का खुला होना और जीभ का बाहर निकला होना किसी बड़ी अनहोनी या साजिश की ओर इशारा कर रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सासाराम सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रोहतास के एसपी रौशन कुमार ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। साक्ष्यों के मिलान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल, पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि रौशन अंत समय में किसके साथ था।

