हेमंत शर्मा, इंदौर। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला रोजगार कार्यालय इंदौर की ओर से 6 जुलाई (सोमवार) को एक दिवसीय ‘युवा संगम’ रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला जिला उद्योग केंद्र परिसर, पोलोग्राउंड स्थित जिला रोजगार कार्यालय में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।

READ MORE: RGPV पेपर चोरी में जांच कमेटी का गठन: तीन दिन में कुलपति को सौंपेंगे रिपोर्ट, जानिए किन 3 को दी गई जिम्मेदारी

कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में आयोजित इस मेले का उद्देश्य युवाओं को एक ही स्थान पर रोजगार, स्वरोजगार, अप्रेंटिसशिप और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। यहां नौकरी के साथ-साथ खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए ऋण और विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी।

250 से अधिक पदों पर होगी भर्ती

उप संचालक रोजगार पी.एस. मंडलोई के अनुसार मेले में जे.जे. इंडस्ट्रीज, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, आईटीएल इंडस्ट्रीज लिमिटेड, कटारिया ग्रुप सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। कंपनियां 250 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती करेंगी।

इन पदों में डिजिटल मार्केटिंग, अकाउंटेंट, बीपीओ, बैक ऑफिस, कंप्यूटर ऑपरेटर, सेल्स, सुपरवाइजर के साथ-साथ फिटर, टर्नर और मशीनिस्ट जैसे तकनीकी पद भी शामिल हैं।

कौन कर सकता है आवेदन?

18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी इस रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं। 8वीं पास से लेकर स्नातकोत्तर, बी.फार्मा, आईटीआई और डिप्लोमा धारक युवा भी आवेदन के पात्र हैं।

ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी

रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, बायोडाटा, आधार कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की प्रतियां साथ लाने की सलाह दी गई है। जिला रोजगार कार्यालय ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस रोजगार मेले का लाभ उठाने की अपील की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m