Bihar News: जदयू नेता और बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी अपने एक विवादित को लेकर मुश्किल में फंसते हुए नजर आ रहे हैं। दरअसल सोशल मीडिया पर इस समय अशोक चौधरी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव के जन्मस्थल को लेकर विवादित बयान दिया है। चौधरी ने कहा कि, “इस प्रदेश में गुरु नानक जी का जन्म हमने कराया।”

राजद ने बयान को बताया आपत्तिजनक

अशोक चौधरी के इस बयान पर लोग उनकी काफी आलोचना कर रहे हैं। इस बीच राजद ने भी उनका वीडियो शेयर करते हुए जमकर निशाना साधा है। राजद ने अपनी पोस्ट में लिखा कि, बिहार सरकार में भाजपा गठबंधन के अहंकारी मंत्री अशोक चौधरी ने सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम सिख गुरु संत शिरोमणि सतगुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज जी के जन्मस्थल संबंधित बेहद गैर-जिम्मेदाराना, आधारहीन, तथ्यहीन और आपत्तिजनक बयान दिया है।

नाक रगड़कर मांगनी चाहिए माफी

राजद ने कहा कि, रसूख के बल पर पिछले दरवाजे से फर्जी प्रोफेसर बनकर ये अपने अज्ञान का झूठा प्रचार ही नहीं कर रहे बल्कि गुरु साहिबान का अनादर भी कर रहे हैं। गुरु महाराज की बेअदबी करने वाले ऐसे अज्ञानी आदमी को नाक रगड़कर माफी मांगनी चाहिए। ये चर्चा में बने रहने के लिए आदतन ऐसे विवादास्पद बयान देते रहते है लेकिन इस बार सारी हदे पार कर जघन्य अपराध किया है।

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में हुआ था जन्म

बता दें कि गुरु नानक देव जी का जन्म 1469 ई. में कार्तिका पूर्णिमा के दिन पंजाब के तलवंडी में हुआ था। जो इस समय पाकिस्तान में आता है। उनके पिता का नाम मेहता कालू चंद और माता का नाम माता तृप्ता था। बचपन से ही वे आध्यात्मिक प्रवृत्ति के थे। गुरु नानक जयंती को सिख समुदाय हर साल कार्तिका पूर्णिमा के दिन प्रकाश पर्व के रूप में मनाता है।

ये भी पढ़ें- खान सर को पटना कोर्ट से बड़ी राहत, कोचिंग विवाद में अगली सुनवाई तक गिरफ्तारी पर रोक बरकरार