दीपक भारद्वाज, पलवल। जिले में भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों की सुरक्षा के लिए हाई अलर्ट जारी किया है। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. संजीव कुमार तोमर ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस मौसम में जरा सी लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे हीट वेव संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें और अपने शरीर में पानी की कमी न होने दें।

तपती धूप से बचने के अचूक उपाय और जरूरी सावधानी

गर्मी के इस दौर में खुद को सुरक्षित रखने के लिए हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और बाहर निकलते समय सिर को टोपी या छाते से ढकना अनिवार्य बताया गया है। शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए पानी के साथ-साथ ओआरएस, लस्सी, नींबू पानी और छाछ का अधिक सेवन करना चाहिए। खान-पान में मौसमी फलों जैसे तरबूज और खीरे को प्राथमिकता दें और बासी भोजन से पूरी तरह परहेज करें। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं की सेहत पर नजर रखना जरूरी है क्योंकि उन पर लू का असर सबसे घातक होता है।

इन गलतियों से बचें वरना बिगड़ सकती है स्थिति

प्रशासन ने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच तेज धूप में बाहर निकलने और कठिन शारीरिक परिश्रम वाले कार्यों से बचने की सख्त सलाह दी है। नंगे पैर बाहर जाना या बंद वाहनों में बच्चों और पालतू जानवरों को छोड़ना जानलेवा साबित हो सकता है। शराब, चाय, कॉफी और सॉफ्ट ड्रिंक्स का अत्यधिक सेवन शरीर को सुखा देता है, इसलिए इनसे दूरी बनाए रखें। प्रशासन का कहना है कि एडवाइजरी का पालन करके ही इस जानलेवा गर्मी के प्रभाव से बचा जा सकता है।