संजय कुमार, जींद।। हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने आज जिला जींद मुख्यालय स्थित मार्केट कमेटी परिसर में कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी को सुना। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री किसान योजना के तहत प्रभावित किसान परिवारों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए।
सुदूर कोनों में समाज की भलाई के लिए
कार्यक्रम के समापन के बाद मीडिया से सकारात्मक बातचीत करते हुए डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम देश के सुदूर कोनों में समाज की भलाई के लिए हो रहे असाधारण प्रयासों को सामने लाने का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने इस एपिसोड में प्रधानमंत्री द्वारा गिद्ध संरक्षण अभियान का जिक्र किए जाने की सराहना करते हुए कहा कि कुदरत ने जिस भी जीव या पक्षी को इस धरती पर भेजा है, पारिस्थितिकी तंत्र को बनाए रखने में उनका एक विशेष मिशन है। आज हमारे क्षेत्रों से गिद्ध जैसे पक्षी लगभग लुप्त हो चुके हैं, ऐसे में उन्हें बचाने के लिए काम कर रही स्वयंसेवी संस्थाओं और महिलाओं की कहानी देश के लिए प्रेरणास्पद है। यह संदेश हमें यह याद दिलाता है कि पर्यावरण को बचाना हम सबका सामूहिक दायित्व है ताकि आने वाली पीढ़ियां स्वच्छ हवा में सांस ले सकें।
मुख्यमंत्री किसान योजना के लाभार्थियों को सहायता राशि वितरित
सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए विधानसभा उपाध्यक्ष ने मार्केट कमेटी परिसर में मुख्यमंत्री किसान योजना के लाभार्थियों को सहायता राशि वितरित की। उन्होंने खेत में काम करते समय दुर्घटना का शिकार हुए या जान गंवाने वाले किसानों के परिवारों को संबल प्रदान किया। कार्यक्रम में ₹37,500 के चार चेक और एक पीड़ित परिवार को ₹5,00,000 की अनुग्रह राशि का चेक सौंपा गया। डॉ. मिड्ढा ने मुख्यमंत्री की इस कल्याणकारी सोच की सराहना करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह से अन्नदाताओं के साथ खड़ी है।
जींद के बदलते स्वरूप और औद्योगिक प्रगति पर गर्व
जींद के बदलते स्वरूप और औद्योगिक प्रगति पर गर्व व्यक्त करते हुए डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि जो क्षेत्र कभी पिछड़ेपन का दंश झेल रहा था, वह आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। जींद की सकारात्मक विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि आज जींद का सफीदों क्षेत्र एशिया के सबसे बड़े पोल्ट्री फार्म हब के रूप में उभरा है। इसके साथ ही, कभी ट्रक बॉडी निर्माण में जहां अन्य राज्यों का नाम आता था, आज एशिया की सबसे बड़ी ट्रक बॉडी बनाने की मार्केट जींद में स्थापित हो चुकी है।
9-9 नेशनल हाईवेज की सौगात मिली
क्षेत्र को 9-9 नेशनल हाईवेज की सौगात मिली है, भाखड़ा का शुद्ध पानी घर-घर पहुंच रहा है और अत्याधुनिक मेडिकल कॉलेज का निर्माण तेज गति से हो रहा है। जींद से शुरू होने वाली महत्वाकांक्षी हाइड्रोजन ट्रेन पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि वर्तमान में इसके तकनीकी पहलुओं को और अधिक बेहतर बनाने के लिए परीक्षण चल रहे हैं, ताकि जल्द ही इसे पूरी सुरक्षा और दक्षता के साथ जनता के लिए शुरू किया जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

