० पुलिस की घेराबंदी में दबोचे गए आरोपी, दो पिस्टल, कारतूस और जिंदा बम बरामद; वासेपुर के कारोबारियों की रेकी कर रहे थे

धनबाद। कोयलांचल में एक बड़ी आपराधिक वारदात को धनबाद पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान और गोपी खान के नेटवर्क से जुड़े दो शूटरों को पुलिस ने हथियार और जिंदा बम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों वासेपुर के दो कारोबारियों की हत्या की साजिश रच रहे थे और कई दिनों से उनकी रेकी कर रहे थे।


झाड़ियों वाले इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई की
नगर पुलिस अधीक्षक ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेसवार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि वासेपुर के एक बड़े जमीन कारोबारी और एक रंग-रोगन व्यवसायी की हत्या की योजना बनाई गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बीआईटी पॉलिटेक्निक के पीछे झाड़ियों वाले इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूली निवासी छोटू कुरैशी और झरिया निवासी शोएब कुरैशी के रूप में हुई है। दोनों आपस में रिश्तेदार हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक जिंदा बम और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

बरामद पिस्टलों पर ‘Made in Italy’ और ‘Made in U.S.A.’ अंकित
एसपी ने बताया कि बरामद पिस्टलों पर ‘Made in Italy’ और ‘Made in U.S.A.’ अंकित है, लेकिन शुरुआती जांच में आशंका है कि ये स्थानीय स्तर पर बने हथियार हैं, जिन पर विदेशी मार्किंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की गई है। बरामद जिंदा बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने के लिए बम निरोधक दस्ते को सौंप दिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि शोएब कुरैशी पहले भी हत्या और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अब प्रिंस खान और गोपी खान गैंग के नेटवर्क, सहयोगियों और फंडिंग के स्रोतों का पता लगाने में जुटी है।