परवेज खान. यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर के बिलासपुर कस्बे के गांव मिल्क सुखी में भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) का बड़ा किसान कन्वेंशन आयोजित किया गया। कन्वेंशन में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरजीत सिंह मोहड़ी ने शिरकत की। कार्यक्रम में सैकड़ों किसान और कार्यकर्ता पहुंचे, जहां किसानों से जुड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कन्वेंशन के बाद अमरजीत सिंह मोहड़ी ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला और कई बड़े ऐलान भी किए।

बिलासपुर कस्बे के गांव मिल्क सुखी में आयोजित इस किसान कन्वेंशन में किसानों की भारी भीड़ देखने को मिली। मंच से संगठन के नेताओं ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरजीत सिंह मोहड़ी ने कहा कि देश का किसान लगातार आर्थिक दबाव झेल रहा है, लेकिन सरकार किसानों की मूल समस्याओं का समाधान करने की बजाय बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने वाली नीतियां लागू कर रही है।

प्रस्तावित ट्रेड डील का विरोध

अमरजीत सिंह मोहड़ी ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील का विरोध करते हुए कहा कि यदि विदेशी कृषि उत्पादों को खुली छूट दी गई तो इसका सबसे बड़ा नुकसान भारतीय किसानों को होगा। उन्होंने कहा कि सरकार को पहले देश के किसानों की आय और फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी फसलों पर कानूनी एमएसपी गारंटी लागू करने की मांग दोहराई।

बढ़ते बिजली बिलों का मुद्दा भी उठा

कन्वेंशन में निजी बिजली व्यवस्था और बढ़ते बिजली बिलों का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया। मोहड़ी ने आरोप लगाया कि निजीकरण की नीतियों से आम किसान और उपभोक्ता दोनों परेशान हैं। उन्होंने मंदिरों में किसानों और श्रद्धालुओं से कथित तौर पर हो रही आर्थिक लूट का मुद्दा भी उठाया और इस पर व्यापक चर्चा होने की बात कही।

विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने घोषणा की कि 8 जून को संगठन के कार्यकर्ता विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन किसानों की मांगों और जनहित के मुद्दों को लेकर किया जाएगा। कन्वेंशन के दौरान बड़ी संख्या में किसानों को हरा पटका पहनाकर भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) में शामिल किया गया। संगठन ने दावा किया कि आने वाले समय में किसान हितों की लड़ाई को और तेज किया जाएगा तथा गांव-गांव जाकर किसानों को एकजुट करने का अभियान चलाया जाएगा।