रेवाड़ी। निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपनी बागी नेता और निर्दलीय उम्मीदवार शकुंतला भांडोरिया को मनाने में सफलता हासिल कर ली है। पूर्व चेयरपर्सन भांडोरिया ने पार्टी हित में अपना नामांकन वापस लेने और चुनाव न लड़ने का फैसला किया है। पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव आज शाम शकुंतला भांडोरिया के आवास पर ही एक पत्रकार वार्ता के माध्यम से इस गठबंधन की आधिकारिक घोषणा करेंगे।

पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने शकुंतला भांडोरिया के इस कदम को पार्टी के लिए बड़ा बलिदान बताया है। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण के बाद उपजी नाराजगी अब दूर हो गई है। इसी बीच, आज शाम 6 बजे कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा भी रेवाड़ी पहुंच रही हैं, जहां वे कांग्रेस उम्मीदवार नेहारिका के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगी।

राजनीतिक गलियारों में शकुंतला भांडोरिया की वापसी को कुमारी सैलजा के दौरे से जोड़कर देखा जा रहा है। सोमवार को प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के दौरे के बाद अब सैलजा की एंट्री से कांग्रेस अपने प्रचार अभियान को और धार देने की कोशिश कर रही है। भांडोरिया के बैठने से अब कांग्रेस उम्मीदवार की स्थिति पहले से अधिक मजबूत मानी जा रही है।