गुमला। सिक्किम घूमकर महाराष्ट्र लौट रहे तीन दोस्तों का सफर गुमला में दर्दनाक हादसे में बदल गया। रायडीह प्रखंड के भलमंडा मोड़ के पास गुरुवार सुबह कार और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में कार सवार महाराष्ट्र के अमरावती जिले के दरियापुर निवासी 31 वर्षीय आशीष अभियंकर की मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी घायल हो गए।

बताया गया कि आशीष अपने दोस्तों सोपान आनंद राव नटक और बिल्लेकर के साथ कार से सिक्किम घूमने गए थे। वहां से लौटते समय वे रायपुर के रास्ते महाराष्ट्र जा रहे थे। इसी दौरान भलमंडा मोड़ के पास कार की ट्रक से जबरदस्त टक्कर हो गई।

कार में फंसे तीनों, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

टक्कर इतनी तेज थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही रायडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर तत्काल सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया।अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने आशीष अभियंकर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सोपान आनंद राव नटक और बिल्लेकर का इलाज जारी है।

टक्कर के बाद ट्रक लेकर भागा चालक

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह ट्रक लेकर गुमला की ओर निकल गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसा किस वजह से हुआ और ट्रक चालक की भूमिका क्या रही, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।