लखनऊ में लंबे समय से लाइब्रेरियन पदों पर भर्ती नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर प्रदर्शन किया. उपमुख्यमंत्री ने यूपीएसएसएससी अध्यक्ष से बात कर जल्द समाधान निकालने का आश्वासन दिया.

सतीश सिंह, लखनऊ. लाइब्रेरियन के पदों पर लंबे समय से भर्ती न होने से नाराज अभ्यर्थियों ने मंगलवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने भर्ती निकालने की मांग की.

अभ्यर्थियों से मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री ने यूपीएसएसएससी के अध्यक्ष से बात करके जल्द समाधान निकालने का आश्वासन दिया.

उपमुख्यमंत्री आवास पर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना था कि 2016 के बाद से लाइब्रेरियन की कोई भर्ती नहीं निकली है. इसके चलते अयोग्य लोग इन पदों पर काम कर रहे हैं, जबकि योग्य अभ्यर्थी बेरोजगार हैं.

इस दौरान अभ्यर्थियों ने पीईटी-2025 के आधार पर नई भर्ती निकालने की मांग की. उनका कहना था कि इससे बेरोजगार युवाओं को मौका मिलेगा.

362 पदों की अधियाचना

प्रदर्शन में शामिल अभिषेक ने बताया कि वे लंबे समय से यह मांग कर रहे हैं. अधिकारियों ने 362 पदों की अधियाचना आने की बात कही थी, लेकिन हर बार अगले महीने भर्ती निकालने का वादा कर मामला टाल दिया जाता है.

सुरेश ने आरोप लगाया कि 2006 में बना लाइब्रेरी एक्ट का पालन नहीं हो रहा है. कई स्थानों पर अयोग्य लोगों से लाइब्रेरी का काम चल रहा है.

उन्होंने कहा कि डिग्री होने के बावजूद हमारा भविष्य दांव पर लगा हुआ है.

जल्द समाधान का आश्वासन

छात्रों से मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि सरकार प्रदेश के छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है. उन्होंने कहा, “मैं खुद छात्र राजनीति से हूं, इसलिए उनकी परेशानी अच्छी तरह समझता हूं. जल्द ही इनकी समस्या का समाधान कराया जाएगा.”