संजय पाटीदार, भोपाल। करोड़ों की ड्रग्स बरामदगी के बाद अब भोपाल के ISBT की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद शुरू हो गई है। राजधानी के अंतरराज्यीय बस टर्मिनल पर अब तीसरी आंख का पहरा रहेगा। गोविंदपुरा थाना पुलिस की पहल पर जनसहयोग से पूरे बस स्टैंड परिसर में CCTV कैमरे लगाए गए हैं। करीब 2 लाख रुपये की लागत से 10 कैमरों के जरिए अब संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। लेकिन सवाल ये है कि क्या ये इंतजाम नशे के कारोबारियों पर नकेल कसने में कारगर साबित होंगे।
भोपाल का ISBT जहां हर दिन हजारों यात्री अपने सफर की शुरुआत करते हैं। लेकिन इसी बस स्टैंड से करोड़ों की ड्रग्स बरामद होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हुए। आखिर इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थो की आवाजाही पर निगरानी कैसे रखी जा रही थी। इस घटना के बाद अब पुलिस प्रशासन ने बस स्टैंड की सुरक्षा मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
गोविंदपुरा थाना पुलिस की पहल पर जनसहयोग से ISBT परिसर में CCTV कैमरे लगाए गए हैं। करीब 2 लाख रुपये की लागत से 10 कैमरों की व्यवस्था की गई है। दावा है कि अब बस स्टैंड परिसर की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही और किसी भी आपराधिक गतिविधि की पड़ताल में CCTV फुटेज मददगार साबित हो सकती है।
ISBT जैसे व्यस्त बस टर्मिनल पर सुरक्षा सिर्फ यात्रियों की भीड़ संभालने तक सीमित नहीं है। यहां नशे की तस्करी, संदिग्ध सामान की आवाजाही और आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखना भी बड़ी चुनौती है। खुद यहां के दुकानदार और यात्री इस बात को मानते हैं कि यहां पर लगातार पुलिस की गस्त के साथ सीसीटीवी लगने से अपराध और अपराधी तक पहुंचने में मदद मिलेगी क्योंकि चाहे रेलवे स्टेशन हो या बस स्टैंड ऐसे स्थान पर लूट, झपट, मारपीट जैसी घटनाएं होना आम बात है जिससे यात्री और दुकानदारों में एक भय का माहौल बना रहता है।
भोपाल के ISBT पर करोड़ों की ड्रग्स बरामदगी के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच अब यहां CCTV कैमरों का पहरा लगा दिया गया है। गोविंदपुरा थाना पुलिस की पहल पर जनसहयोग से 10 कैमरे लगाए गए हैं जिन पर करीब 2 लाख रुपये खर्च हुए हैं। अब देखना होगा कि तीसरी आंख की यह निगरानी नशे के कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने में कितनी कारगर साबित होती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

