PUNJAB DESK, अमृतसर। अमृतसर में एक बड़े जमीन विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब दो पक्षों के बीच प्लॉट और साझी जमीन को लेकर तीखी झड़प हो गई। मामला करोड़ों की प्रॉपर्टी से जुड़ा होने के कारण इलाके में तनाव फैल गया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। घटना में कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है।

100 करोड़ की जमीन और धोखाधड़ी का आरोप

पीड़ित पक्ष के हरिंदर सिंह ढिल्लों, जो खुद को ‘होली सिटी कॉलोनी’ का मालिक और डेवलपर बता रहे हैं, ने विपक्षी दल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ढिल्लों के अनुसार, यह विवाद करीब 40 एकड़ जमीन से जुड़ा है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 100 करोड़ रुपये है। उनका दावा है कि साल 2000 में यह जमीन संयुक्त रूप से खरीदी गई थी और इसमें उनकी 50 प्रतिशत हिस्सेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब कुछ लोग फर्जी दस्तावेजों और एनओसी (NOC) के आधार पर इस बेशकीमती जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।

शांतिपूर्ण धरने पर हमले का दावा

हरिंदर सिंह ढिल्लों ने आरोप लगाया कि वह अपने परिवार के साथ पिछले कई दिनों से जमीन पर शांतिपूर्ण धरने पर बैठे थे। आरोप है कि कुछ अज्ञात लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस झड़प में ढिल्लों के बेटे, बेटी और परिवार के अन्य सदस्यों को चोटें आई हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रभावशाली प्रॉपर्टी कारोबारियों के दबाव में आकर उनके परिवार को वहां से जबरन हटाने की कोशिश की गई है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

मौके पर पहुंचे डीएसपी यादविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को 112 नंबर पर कॉल के जरिए सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच प्लॉट और साझा कारोबार को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। पुलिस दोनों पक्षों की बात सुन रही है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य सबूतों की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर मेरिट पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा की गुहार

पीड़ित परिवार ने सरकार और पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा है कि उन्हें जान का खतरा है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी फुटेज मौजूद है। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें