राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। गुरुपूर्णिमा के अवसर पर मध्य प्रदेश के स्कूल और कॉलेज स्टूडेंटस के लिए एक नई छात्रवृत्ति प्रतियोगिता शुरू होने जा रही है. श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की ओर से आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के 102 विजेता छात्र-छात्राओं को एक-एक लाख रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी. गुरुपूर्णिमा के अवसर पर हर साल इस प्रतियोगिता का आयोजन होगा.
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के संस्कृति सलाहकार तथा श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीराम तिवारी ने बताया कि इस स्कॉलरशिप का नाम भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना रखा गया है. कक्षा नौवीं से लेकर 12वीं तक के स्कूल छात्र-छात्राएं इसमें शामिल हो सकेंगे. वहीं कॉलेज स्तर पर भी प्रतियोगिता होगी. स्कूल लेबल से 52 जबकि इतने ही कॉलेज लेबल से विजेताओं का चयन होगा. सभी 102 विजेताओं को एक-एक लाख रुपए की छात्रवृत्ति दी जाएगी.
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता ऑनलाइन होगी, जिसकी रूपरेखा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 29 जुलाई को साझा करेंगे. महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना की स्थापना करेंगे. प्रतियोगिता श्रीकृष्णा द्वारा अर्जित 14 विद्या, 64 कला, महर्षि सांदीपनि तथा भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित होगी. श्रीराम तिवारी ने बताया कि महर्षि सांदीपनि के जीवन पर केंद्रित एक ई-बुकलेट प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थाओं में उपलब्ध कराई जा रही है.
मुख्यमंत्री गुरुपूर्णिमा कार्यक्रम के बीच भारतीय गुरु परंपरा के शिल्पी महर्षि सांदीपनि, महर्षि सांदीपनि-श्रीकृष्ण वि़द्यांजलि तथा श्रीकृष्ण पर केंद्रित सर्वांग पुस्तकों का लोकार्पण भी करेंगे.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


