हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में मंगलवार को जल संकट और जलापूर्ति से जुड़ी दो बड़ी खबरें सामने आई हैं। एक तरफ जहां शहर के कई हिस्सों में पाइपलाइन सुधार कार्यों के चलते 12 घंटे का बड़ा शटडाउन रहेगा, जिससे डेढ़ सौ से अधिक कॉलोनियों में पानी सप्लाई प्रभावित होगी। वहीं दूसरी ओर, जल संकट के बीच नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से बोरिंग करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए पहली बार बड़ी कार्रवाई की है।

नर्मदा प्रोजेक्ट के तहत पाइपलाइन इंटरकनेक्शन

शहर में नर्मदा प्रोजेक्ट के तहत पाइपलाइन इंटरकनेक्शन, लीकेज सुधार और वाल्व की मरम्मत का काम किया जा रहा है। इसके चलते आज सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक नर्मदा की पहली और दूसरी चरण की टंकियों से जुड़े क्षेत्रों में जलापूर्ति बंद रहेगी। शटडाउन के कारण एमजी रोड, छावनी, सुदामा नगर, राजमोहल्ला समेत शहर के डेढ़ सौ से अधिक इलाकों और कॉलोनियों में पानी की सप्लाई नहीं हो सकेगी। निगम ने नागरिकों को असुविधा से बचाने के लिए टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने की बात कही है। आम जनता से अपील की गई है कि वे पहले से ही पानी का पर्याप्त भंडारण कर लें।

MP राज्यसभा नामांकन की प्रक्रिया का आज दूसरा दिन: लाल सिंह आर्य, अरविंद भदौरिया समेत 5 नामों पर चर्चा,

3 मशीनों पर 40 हजार का जुर्माना

शहर में गिरते भूजल स्तर और जल संकट के बीच अवैध बोरिंग के खिलाफ नगर निगम ने कड़ा एक्शन लिया है। जोन-4 के वार्ड-17 में बिना किसी प्रशासनिक मंजूरी के धड़ल्ले से बोरिंग की जा रही थी। गनीमत यह रही कि जब तक निगम की टीम मौके पर पहुँची, तब तक तीनों जगह बोरिंग का काम पूरा हो चुका था।

बीमारी से जूझ रहे टेलर ने दुकान में लगाई फांसी: बीपी-शुगर से लंबे समय से थे परेशान, इलाके में सनसनी

जब्ती के डर से मौके पर भरा जुर्माना

निगम उपायुक्त मनोज चौहान और सीएसआई विजय यादव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों बोरिंग मशीनों पर कुल 40 हजार रुपये का जुर्माना ठोक दिया। कार्रवाई और मशीनें जब्त होने के डर से संचालकों ने मौके पर ही जुर्माना राशि जमा करवा दी। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में बोरिंग करवाने के लिए निगम के 311 ऐप के माध्यम से अनुमति लेना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कानूनी और आर्थिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m