फरीदाबाद। बल्लभगढ़ शहर थाना क्षेत्र से लापता हुई 13 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस चौकी चावला कॉलोनी की टीम ने तकनीकी जानकारी और लगातार किए गए प्रयासों के आधार पर किशोरी का सुराग जुटाया और उसे सुरक्षित तलाश लिया।

पुलिस के मुताबिक, किशोरी 2 सितंबर को घर से बिना बताए चली गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर 3 सितंबर को थाना शहर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की गई।

चौकी प्रभारी एसआई जसवीर सिंह के नेतृत्व में एएसआई विजय कुमार की टीम ने मामले में उपलब्ध सुरागों को खंगालने के साथ तकनीकी जानकारी का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस को किशोरी के पश्चिम बंगाल में होने का पता चला। इसके बाद टीम ने प्रयास तेज किए और 9 सितंबर को मालदा टाउन से उसे सकुशल बरामद कर लिया।

बरामदगी के बाद पुलिस ने लीगल एड के माध्यम से नाबालिग के बयान दर्ज करवाए। नियमानुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटी के सुरक्षित वापस मिलने पर परिजनों ने फरीदाबाद पुलिस की टीम का आभार जताया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m