चंडीगढ़: शहर में गनपॉइंट पर कार लूटने की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मनीमाजरा की राजीव विहार सोसाइटी में रहने वाले पुलकित शर्मा गुरुवार देर रात करीब 12:30 बजे अपनी होंडा सिटी कार से घर लौट रहे थे। वे सोसाइटी के मुख्य गेट से कुछ दूरी पर अपनी कार रोककर ऑनलाइन मंगाए गए खाने की डिलीवरी का इंतजार कर रहे थे।

इसी दौरान मोटरसाइकिल और एक्टिवा पर सवार होकर आए बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। गलत दिशा से आए बाइक सवार युवकों ने पुलकित की कार के आगे अपनी बाइक अड़ा दी। इसके बाद दूसरी तरफ से आए बदमाशों ने कार मालिक को घेर लिया। आरोपियों ने पुलकित की गर्दन पर चाकू रख दिया और पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी। बदमाश जबरदस्ती पुलकित की जेब से कार की चाबी निकालकर उसकी होंडा सिटी कार लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाया मामला

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत एक्शन में आई। डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल और यूटी नॉर्थ ईस्ट डिवीजन की थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की। डीएसपी नॉर्थ ईस्ट रामगोपाल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने गुप्त सूचनाओं और तकनीकी सर्विलांस (Technical Surveillance) की मदद से महज 24 घंटे के भीतर डकैती का पर्दाफाश कर दिया।

नशे की लत पूरी करने के लिए की वारदात

पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजीव विहार कॉलोनी के रहने वाले कृष (19 वर्ष), सेक्टर 12 के सौरव (21 वर्ष) और सेक्टर 16 के संजू (24 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी कृष का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और वह साल 2018 में भी आर्म्स एक्ट के तहत पकड़ा जा चुका है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए ही उन्होंने इस डकैती को अंजाम दिया था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई होंडा सिटी कार, वारदात में इस्तेमाल हथियार (चाकू, खिलौना पिस्टल और एक देसी कट्टा) बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि उनके फरार साथियों (रितिक, शुभम और रोहन) की तलाश में छापेमारी जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m