कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में ऑनलाइन फ्री फायर गेम का बढ़ता क्रेज अब बच्चों को घर से दूर ले जाने का कारण बनता दिख रहा है। 15 साल का एक छात्र पिछले सात दिनों से लापता है। परिवार का दावा है कि वह फ्री फायर गेम का शौकीन था और ऑनलाइन बने दोस्तों के संपर्क में था। अब परिजन एसपी ऑफिस पहुंचकर बेटे की तलाश की गुहार लगा रहे हैं। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि टास्क आधारित ऑनलाइन गेम बच्चों के व्यवहार और निर्णय क्षमता पर नकारात्मक असर डाल सकते हैं, इसलिए पेरेंट्स को सतर्क रहने की जरूरत है।

दरअसल, थाटीपुर थाना क्षेत्र की मेहरा कॉलोनी में रहने वाले जनवेद सिंह दौहरे का 15 साल का बेटा प्रिंस 30 जून की सुबह घर से बिना बताए निकल गया। परिवार ने रिश्तेदारों और दोस्तों से तलाश शुरू की तो पता चला कि प्रिंस मोबाइल पर फ्री फायर गेम खेलता था और गेमिंग के दौरान उसकी कई ऑनलाइन लोगों से दोस्ती हो गई थी। परिजनों को जानकारी मिली कि वह कुछ दोस्तों के साथ ग्वालियर रेलवे स्टेशन से केरल एक्सप्रेस में बैठकर कहीं चला गया। 24 घंटे तक घर नहीं लौटने पर थाटीपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

ये भी पढ़ें: ड्राई फ्रूट, पेंट के बाद अब ‘तालाब’ का खेल! मुरम के गड्ढों को नया तालाब बताकर 25-25 लाख भुगतान का आरोप

नाबालिग होने के कारण पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना को आज एक सप्ताह हो चुका है, लेकिन अब तक प्रिंस का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस मोबाइल, सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग कनेक्शन की तकनीकी जांच कर रही है। परिवार का कहना है कि प्रिंस पढ़ाई और मोबाइल गेम तक ही सीमित रहता था, इसलिए उसके अचानक गायब होने से किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी है।

ये भी पढ़ें: कबाड़ मशीनों पर करोड़ों का खेल! MGM मेडिकल कॉलेज के अधीन 8 अस्पतालों में मेंटेनेंस के नाम लाखों की बंदरबांट, डीन का बड़ा एक्शन

आपको बता दे कि फ्री फायर जैसे टास्क आधारित ऑनलाइन गेम बच्चों को लंबे समय तक स्क्रीन से जोड़े रखते हैं। कई बार गेमिंग के दौरान अजनबियों से संपर्क बन जाता है, जो बच्चों को मानसिक रूप से प्रभावित कर सकता है। ऐसे में परिजनों को बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों, गेमिंग समय और उनके डिजिटल संपर्कों पर नजर रखना बेहद जरूरी है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच करते हुए छात्र की तलाश में जुटी है, वहीं परिवार बेटे की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m