अनमोल मिश्रा, सतना। सतना में एक दस्तावेजी गलती अब 16 वर्षीय छात्र आशीष कुमार कोल की पढ़ाई पर भारी पड़ रही है। सतना जिले के कोठी वार्ड क्रमांक-02 निवासी आशीष के नाम से कथित तौर पर दो आधार कार्ड बन गए थे। बाद में दोनों आधार कार्ड निरस्त हो गए, लेकिन इसके बाद छात्र के सामने नई मुश्किल खड़ी हो गई। आधार से जुड़ी समस्या के कारण अब उसका विद्यालय में दाखिला तक नहीं हो पा रहा है।

परिजनों के मुताबिक, आशीष के आधार कार्ड से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए उसके पिता ने स्थानीय स्तर से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक अधिकारियों के चक्कर लगाए। समस्या का समाधान नहीं होने पर वे सतना से देश की राजधानी दिल्ली तक पहुंचे, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद अभी तक आशीष की पहचान से जुड़ी समस्या का स्थायी निराकरण नहीं हो सका है।

आधार की गलती, पढ़ाई पर लगा ब्रेक

करीब 16 वर्षीय आशीष पढ़ाई जारी रखना चाहता है, लेकिन आधार संबंधी दस्तावेजी समस्या उसके रास्ते में बाधा बन गई है। परिजनों का कहना है कि आधार कार्ड की स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण विद्यालय में प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में एक नाबालिग छात्र की पढ़ाई और भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

सतना से दिल्ली तक पिता की दौड़

आशीष के पिता का कहना है कि बेटे की समस्या के समाधान के लिए उन्होंने कई कार्यालयों और अधिकारियों से संपर्क किया। स्थानीय स्तर पर समाधान नहीं होने के बाद वे दिल्ली तक गए, लेकिन इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। परिवार अब इस उम्मीद में है कि संबंधित विभाग मामले को गंभीरता से लेकर जल्द समाधान निकालेगा।

परिवार की गुहार- दस्तावेजी गलती की सजा बच्चे को क्यों?

परिजनों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर आशीष की पहचान संबंधी समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है, ताकि उसका विद्यालय में दाखिला हो सके और पढ़ाई बाधित न हो। परिवार का सवाल है कि यदि दस्तावेजी प्रक्रिया में गलती हुई है, तो उसका खामियाजा एक छात्र को अपनी पढ़ाई रोककर क्यों भुगतना पड़े?

एसडीएम और तहसीलदार ने दिया जल्द समाधान का भरोसा

मामला संज्ञान में आने के बाद रघुराज नगर एसडीएम एलआर जांगड़े और कोठी तहसीलदार प्रज्ञा दुबे ने संबंधित अधिकारियों से बात कर जल्द समस्या का निराकरण कराने की बात कही है। अब देखना होगा कि अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद आशीष की आधार संबंधी समस्या कब तक सुलझती है और उसे दोबारा स्कूल में दाखिला मिल पाता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m