ODISHA DESK, बलांगीर: ओडिशा के बलांगीर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक बड़े बाल श्रम तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। ओडिशा से बाहर काम के लिए ले जाए जा रहे 17 बाल श्रमिकों को RPF टीम ने छापेमारी कर सकुशल मुक्त कराया। इस मामले में छत्तीसगढ़ के एक ठेकेदार रमेश पांडू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, मुक्त कराए गए बच्चे छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। ये बच्चे पिछले 18 दिनों से बौद्ध जिले के पुरूणाकटक के पास बलांगीर-खोरधा नई रेलवे लाइन परियोजना में काम कर रहे थे। ठेकेदार उन्हें किसी दूसरी जगह शिफ्ट करने की योजना बना रहा था, तभी आरपीएफ ने उन्हें स्टेशन पर ही दबोच लिया।

सूचना मिलने पर शासकीय रेलवे पुलिस (GRP), बाल कल्याण समिति (CWC) और बाल संरक्षण विभाग की टीमें स्टेशन पहुंचीं और जांच शुरू की। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि रेस्क्यू किए गए नाबालिगों को उनके गृह राज्यों में वापस भेजने की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस ने ठेकेदार और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को संदेह है कि इसके पीछे कई राज्यों में फैला एक बड़ा रैकेट काम कर रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m