शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल में साइबर अपराधियों का एक बेहद शातिर और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क सामने आया है। यहाँ एक युवक को डेटिंग ऐप के जाल में फंसाकर ₹18 लाख की बड़ी साइबर ठगी को अंजाम दिया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में इस ठगी के तार सीधे पाकिस्तान साइबर नेटवर्क से जुड़े होने के सनसनीखेज सबूत मिले हैं। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है।
मुंबई की बताकर की दोस्ती, फिर मुनाफे का लालच
मिली जानकारी के अनुसार, ठग गिरोह की एक महिला आरोपी ने डेटिंग ऐप पर खुद को मुंबई की निवासी बताकर भोपाल के पीड़ित युवक से दोस्ती की थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ाकर आरोपी महिला ने युवक को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। इसके बाद उसने युवक को ऑनलाइन बिजनेस में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया।
फर्जी प्रॉफिट दिखाकर जीता भरोसा, फिर ऐंठे 18 लाख
युवक को पूरी तरह अपने झांसे में लेने के लिए आरोपियों ने शुरुआत में एक फर्जी डिजिटल पैनल पर नकली मुनाफा (प्रॉफिट) दिखाया, जिससे युवक का भरोसा पक्का हो गया। इसके बाद प्यार और भविष्य के रिश्ते की दुहाई देकर आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों में युवक से कुल ₹18 लाख जमा करवा लिए।
पैसे निकालने पर दी अकाउंट बंद करने की धमकी
हद तो तब हो गई जब पीड़ित युवक ने अपनी जमा राशि और मुनाफे की रकम को निकालने (विड्रॉ) करने की कोशिश की। आरोपियों ने रकम देने के बजाय युवक को धमकाना शुरू कर दिया कि यदि उसने और पैसे जमा नहीं किए तो उसका अकाउंट हमेशा के लिए ब्लॉक कर दिया जाएगा। बार-बार और पैसों की मांग किए जाने पर युवक को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ।
अंधेकत्ल का 24 घंटे में खुलासा: बहन से शादी की बात पर हुए झगड़े में नशे में युवक को उतारा था मौत के घाट
कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया केस
ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित ने तुरंत इसकी शिकायत भोपाल साइबर सेल में दर्ज कराई। साइबर सेल की तकनीकी जांच में जब इस पूरे रैकेट के तार पाकिस्तान के साइबर नेटवर्क से जुड़े होने की पुष्टि हुई, तो मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। फिलहाल पुलिस इस पूरे साइबर नेटवर्क को खंगालने में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह ने और कितने लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

