सुनिल उपाध्याय, छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में मातगुवां के पास एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे एक बड़े पेड़ से जोरदार तरीके से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोग बुरी तरह फंस गए।
मातगुवां के पास हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, शाहगढ़ के पास परिवार के किसी सदस्य का एक्सीडेंट हो गया था, जिसकी सुधि लेने और उन्हें देखने के लिए परिवार के लोग कार से जा रहे थे। इसी दौरान मातगुवां के पास यह हादसा घटित हो गया। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को वाहन से बाहर निकाला।
अस्पताल में इलाज जारी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। साथ ही, मृतकों और घायलों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को हादसे की सूचना दी जा रही है। डॉक्टर राजेश मिश्रा के अनुसार घायलों को अस्पताल में चिकित्सीय सहायता दी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

