अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जयसिंहनगर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत छूदा के खुडसेड़ा नाला में करीब 20 लाख रुपये की लागत से बनाया गया नवनिर्मित स्टॉप डैम तेज बारिश के बहाव में क्षतिग्रस्त होकर बह गया, कुछ माह पहले ही तैयार हुए इस स्टॉप डैम के पहली बारिश में टूटने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
READ MORE: रफ्तार का कहर: बस ने स्कूल ऑटो को मारी टक्कर, 8 साल की छात्रा की मौत, छोटा भाई गंभीर
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत छूदा द्वारा खुडसेड़ा नाला में स्टॉप डैम का निर्माण कराया गया था, इसका उद्देश्य आसपास के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराना और बारिश के पानी को रोककर उसका उपयोग कृषि कार्यों में करना था, लेकिन निर्माण पूरा होने के कुछ ही समय बाद तेज बारिश के दौरान नाले में आए पानी के बहाव को स्टॉप डैम नहीं झेल सका और उसका एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर बह गया।
स्टॉप डैम के क्षतिग्रस्त होने के बाद अब निर्माण में इस्तेमाल सामग्री, तकनीकी मानकों और गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च करने के बाद यदि कोई निर्माण पहली ही बारिश में टूट जाए तो इसकी जांच होना जरूरी है, ताकि जिम्मेदारों की जवाबदेही तय हो सके.
READ MORE: अवैध घुसपैठ पर पुलिस का शिकंजा: 20 दिन की जांच के बाद 13 बांग्लादेशियों को वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू
वहीं पूरे मामले में RES के SDO ब्रजेन्द्र सिंह चंदेल ने बताया कि स्टॉप डैम का निर्माण कुछ माह पहले ही हुआ है और इसकी निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायत ही है। उन्होंने स्वीकार किया कि निर्माण में कुछ निर्धारित मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया था, जिसके चलते पंचायत को नोटिस भी दिया गया था, SDO के अनुसार, इस निर्माण कार्य के लिए अब तक किसी भी तरह का भुगतान नहीं किया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


