सीधी। जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुबरी के समीप कठर्रा मोड़ पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस ने स्कूली बच्चों को ले जा रहे एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में ऑटो सवार 8 वर्षीय मासूम छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 4 वर्षीय छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

ऑटो के उड़े परखच्चे, चीख-पुकार से दहला इलाका

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक स्कूली बच्चों को बैठाकर सरस्वती ज्ञान मंदिर कुबरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान सीधी से बहरी की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार बस ने ऑटो में सामने से सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मासूम की मौत, भाई रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर

हादसे में जान गंवाने वाली बच्ची और उसका गंभीर रूप से घायल भाई, दोनों कुबरी स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर में पढ़ते हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद घायल 4 वर्षीय बच्चे को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रीवा के लिए रेफर कर दिया है।

सूरत से कानपुर जा रही बस में लगी भीषण आगः खिड़कियों के कांच तोड़कर कूदे यात्री, ड्राइवर फरार

गांव में पसरा मातम, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए जांच शुरू की। बहरी थाने के एसआई डी.के. रावत ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों के साथ हुए इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

होटल राज पैलेस में देह व्यापारः 3 जोड़े आपत्तिजनक हालत में मिले, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष समेत मैनेजर हिरासत में

डी.के.रावत (S.I बहरी थाना )

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m