धर्मेंद्र यादव, निवाड़ी। मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन नगरी ओरछा से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां की जीवनदायिनी बेतवा नदी में नहाते समय एक 20 वर्षीय युवक पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते बह गया। घटना के बाद से ही मौके पर प्रशासनिक अमला और स्थानीय पुलिस मुस्तैद है। लापता युवक को तलाशने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें : एक्सीडेंट के बाद जिला अस्पताल में हंगामा: परिजनों ने की तोड़फोड़, डॉक्टर और एंबुलेंस ड्राइवर नहीं होने के लगाए आरोप

नहाने के लिए नदी में उतरा था युवक

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पृथ्वीपुर का रहने वाला 20 वर्षीय विवेक सोनी उर्फ विट्टू अपने कुछ दोस्तों के साथ ओरछा घूमने के लिए आया था। सुबह करीब 10 बजे अपने दोस्तों के साथ बेतवा नदी के सीढ़ी घाट पर नहाने के लिए पानी में उतरा था।

अचानक पैर फिसलने से हुआ हादसा

नहाने के दौरान अचानक विवेक का पैर गहरे पानी की तरफ फिसल गया। बेतवा नदी का बहाव काफी तेज होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और पानी की लहरों के साथ आगे बहने लगा। विवेक को नदी में बहता देख घाट पर मौजूद उसके दोस्तों ने शोर मचाना शुरू किया। जिसके बाद ग्रामीण मदद के लिए दौड़े।

SDRF और गोताखोरों की टीम मौके पर मुस्तैद

घटना की सूचना तत्काल ओरछा की पर्यटक चौकी पुलिस को दी गई। मामला गंभीर होने के कारण तुरंत ही SDRF की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया। गोताखोरों की मदद से नदी के गहरे और तेज बहाव वाले हिस्सों में युवक की तलाश की गई। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि बेतवा नदी में पानी का बहाव काफी तेज है, जिसके कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में टीम को काफी मशक्कत और चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें : कलेक्टर के अचानक दौरे से हड़कंप: 41 अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन कटा, दिए सख्त निर्देश

पुलिस प्रशासन स्थिति को संभालने और भीड़ को नियंत्रित करने में जुटा हुआ है। लापता युवक विवेक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। समाचार लिखे जाने तक रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m