Automobile Desk: ब्रिटिश प्रीमियम बाइक निर्माता ट्रायम्फ ने अपनी लोकप्रिय एडवेंचर बाइक टाइगर 1200 का 2027 वेरिएंट वैश्विक बाजार में पेश कर दिया है। कंपनी ने इस फ्लैगशिप मॉडल को मैकेनिकल और टेक्नोलॉजिकल दोनों मोर्चों पर बड़ा अपडेट दिया है। नए सुरक्षा फीचर्स, ज्यादा दमदार इंजन और राइडर की सहूलियत को ध्यान में रखकर तैयार किए गए इस मॉडल को भारतीय ऑटो बाजार में मार्च 2027 तक उतारने की तैयारी है। भारत में इसे दो प्रमुख ट्रिम्स- GT Pro और Rally Explorer में उतारा जाएगा।
दमदार परफॉर्मेंस और स्मूद गियरबॉक्स
नई ट्रायम्फ टाइगर 1200 में 1,200cc का T-Plane ट्रिपल-सिलेंडर इंजन दिया गया है। कंपनी ने इसके सिलेंडर हेड, पिस्टन, वाल्व और फ्यूल इंजेक्शन सेटअप में कई अहम बदलाव किए हैं। इन बदलावों के चलते यह इंजन अब 9,250 rpm पर 158 PS (लगभग 156 bhp) की अधिकतम पावर जनरेट करता है, जो मौजूदा जनरेशन के मुकाबले 8 PS ज्यादा है। पावर बढ़ाने के साथ-साथ गियरबॉक्स और शाफ्ट ड्राइव सिस्टम को भी ट्यून किया गया है, जिससे लो-स्पीड राइडिंग बेहद आसान हो जाती है। भारी ट्रैफिक या तंग रास्तों पर बाइक को नियंत्रित करना अब पहले से ज्यादा सहज होगा, क्योंकि इसकी क्रीपिंग स्पीड में लगभग 6 किमी प्रति घंटे तक की कमी लाई गई है।
ऑटोमैटिक हाइट एडजस्टमेंट और सस्पेंशन
राइडिंग कम्फर्ट को बेहतर बनाने के लिए इसमें Showa EERA Heightflex सेमी-एक्टिव सस्पेंशन दिया गया है, जिसमें राइडर अपनी पसंद के हिसाब से फर्म, मीडियम और सॉफ्ट सेटअप चुन सकते हैं। इस बाइक का सबसे खास पहलू इसका ऑटोमैटिक राइड-हाइट फीचर है। जैसे ही बाइक रुकती है, सीट की ऊंचाई अपने आप 30 मिमी तक कम हो जाती है और रफ्तार पकड़ते ही अपनी मूल स्थिति में आ जाती है। ऑप्शनल लो-सीट के साथ इसकी न्यूनतम सीट हाइट 790 मिमी तक आ जाती है। इसके अलावा सेंटर स्टैंड असिस्ट फीचर भारी-भरकम बाइक को स्टैंड पर खड़ा करना काफी आसान बना देता है।
व्हील और ब्रेकिंग सेटअप की बात करें तो दोनों वेरिएंट्स में फ्रंट में 19-इंच और रियर में 17-इंच के व्हील्स मिलते हैं, जिनका सस्पेंशन ट्रैवल 200 मिमी है। GT Pro में कास्ट एल्युमिनियम व्हील्स दिए गए हैं, जबकि ऑफ-रोडिंग पर फोकस्ड Rally Explorer में स्पोक व्हील्स मिलते हैं। ब्रेकिंग के लिए ब्रेम्बो स्टाइलमा कैलीपर्स का इस्तेमाल किया गया है।

एडवांस्ड रडार टेक्नोलॉजी और मॉडर्न फीचर्स
सुरक्षा के लिहाज से नई टाइगर 1200 को बोश (Bosch) के फ्रंट और रियर रडार सिस्टम से लैस किया गया है। इसकी मदद से बाइक में अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग, इमरजेंसी ब्रेक असिस्ट और ब्लाइंड-स्पॉट मॉनिटरिंग जैसी सुविधाएं मिलती हैं। समूह में राइड करने वालों के लिए ग्रुप राइड असिस्ट और कॉर्नरिंग ABS जैसे सेफ्टी नेट दिए गए हैं।
कॉकपिट में 7-इंच की एचडी टचस्क्रीन डिस्प्ले मिलती है, जो वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी को सपोर्ट करती है। बाइक में स्मार्टफोन के लिए कूलिंग कम्पार्टमेंट और टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट भी मौजूद है। इसके अलावा नाइट राइडिंग के लिए कॉर्नरिंग अडैप्टिव LED हेडलाइट्स दी गई हैं। Long-haul ट्रैवलर्स के लिए GT Pro में 20-लीटर और Rally Explorer में 30-लीटर का फ्यूल टैंक मिलता है। दोनों ही मॉडल्स में रिडिजाइन की गई कम्फर्टेबल सीट्स, हीटेड सीट्स और तीन-लेवल एडजस्टेबल हीटेड ग्रिप्स की सुविधा दी गई है।

