मुंबई के भूलेश्वर में गणपति प्रतिमा के आगमन के दौरान संतुलन बिगड़ने से एक बड़ा हादसा हो गया. 22 फीट ऊंची गणपति प्रतिमा शनिवार रात करीब 9:51 बजे बलराम मर्चेंट रोड पर संतुलन बिगड़ने के कारण गिर गई. इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है. जबकि 5 अन्‍य लोग घायल हो गए हैं. घायलों में पांच और सात साल की दो नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं. हादसे के शिकार सभी लोगों को नजदीकी अस्‍पताल में ले जाया गया. हादसे में घायल लोगों का फिलहाल इलाज चल रहा है.

महाराष्ट्र के मुंबई में बायकुला से भुलेश्वर लाई जा रही 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा पंडाल से करीब 50 मीटर पहले गिर गई जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई.

महाराष्‍ट्र में गणपति महोत्‍सव काफी उत्‍साह के साथ मनाया जाता है. अभी से ही आगमन की धूम शुरू हो चुकी है. इसी क्रम में भूलेश्वर में गणपति प्रतिमा के आगमन के दौरान 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल बताए जा रहे हैं. 

मृतकों की पहचान संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) के रूप में हुई है. घायलों में वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) शामिल हैं.

जानकारी के अनुसार, दक्षिण मुंबई स्थित भूलेश्वर इलाके में गणपति प्रतिमा के आगमन के दौरान शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया. प्रतिमा को भायखला से भूलेश्वर स्थित पंडाल ले जाया जा रहा था. बताया जा रहा है कि पंडाल से करीब 50 से 60 मीटर पहले ही प्रतिमा गिर गई.

घटना की सूचना मिलते ही बीएमसी फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, 108 एंबुलेंस और बीएमसी वार्ड स्टाफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.

शुरुआती जांच में सड़क पर कोई बड़ा गड्ढा नजर नहीं आया है. प्रतिमा का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m