Punjab Desk, अमृतसर: पंजाब में नशे के सौदागरों के खिलाफ सुरक्षा बलों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। अमृतसर सेक्टर में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) और एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान भारत-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित सहोरा गांव से 27 किलो हेरोइन बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये में है।
तीन बड़े पैकेटों में छिपाई गई थी खेप
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों को यह कामयाबी तीन बड़े पैकेटों के रूप में मिली है। आशंका जताई जा रही है कि सीमा पार से तस्करों ने ड्रग्स की इस बड़ी खेप को भारतीय क्षेत्र में डिलीवर करने के लिए अत्याधुनिक और हैवी-ड्यूटी ड्रोन्स का इस्तेमाल किया है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि अब ऐसे ड्रोन एक्टिव हैं जो एक बार में 10 से 12 किलो तक का भारी वजन उठाकर उड़ने में सक्षम हैं।
दो दिन पहले भी पकड़ी गई थी 6 किलो हेरोइन
इस इलाके में तस्करों का नेटवर्क काफी सक्रिय नजर आ रहा है। महज दो दिन पहले भी इसी क्षेत्र से सुरक्षा बलों ने 6 किलो हेरोइन जब्त की थी। उस कार्रवाई के दौरान फिरोजपुर के एक बड़े तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया था। कयास लगाए जा रहे हैं कि यह 27 किलो हेरोइन भी उसी तस्कर नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है, जिसकी कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय सीमा (बॉर्डर) से महज 6 किलोमीटर पीछे इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों का मिलना सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ा अलार्म है। इसने सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
सीमा पर सुरक्षा सख्त, जांच में जुटी एजेंसियां
इस बड़ी बरामदगी के बाद भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा घेरे को और ज्यादा कड़ा कर दिया गया है। रात के समय ड्रोन की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त जवानों और आधुनिक उपकरणों को तैनात किया गया है। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही हैं कि इस ड्रोन को सीमा पार से कौन संचालित कर रहा था और भारतीय क्षेत्र में इस हेरोइन की डिलीवरी किसे ली जानी थी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

