यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 28 वर्षीय नैना की मौत ने रिश्तों के अंदर छिपे दर्द को उजागर कर दिया है।
नैना का शव उसके ससुराल के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि सुसाइड से पहले उसने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट भी डाली थी।
सोशल मीडिया पोस्ट में झलका दर्द
नैना ने अपनी पोस्ट में लिखा था, “मुझे किसी ने नहीं समझा, काश मुझे समझ पाते।”
इसके साथ उसने एक दर्द भरा गाना भी शेयर किया, जिसके बोल उसके मानसिक हालात को बयां कर रहे थे।
शादी और परिवार की जानकारी
जानकारी के मुताबिक, नैना की शादी साल 2018 में अंबाला जिले के गांव कुराली निवासी गौरव के साथ हुई थी।
दोनों का एक छह साल का बेटा भी है।
दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप
परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही नैना को ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था।
करीब एक महीने पहले विवाद के बाद वह अपने बेटे के साथ मायके आ गई थी। इस दौरान कई बार पंचायतें भी हुईं और समझौते के बाद करीब 15 दिन पहले वह ससुराल लौट गई थी।
परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष बार-बार माफी मांगकर उसे साथ ले जाता था, लेकिन कुछ समय बाद फिर वही प्रताड़ना शुरू हो जाती थी। नैना की मां के मुताबिक, उससे लगातार पैसे और सामान की मांग की जाती थी। परिजनों ने बताया कि नैना का सपना था कि वह एक बड़ा ब्यूटी पार्लर खोले। इसके लिए वह पार्लर का काम भी सीख रही थी और छोटे स्तर पर काम करके पैसे जोड़ रही थी, लेकिन उसका यह सपना अधूरा रह गया।

