गुजरात में एक बड़ा ही हैरतअंगेज काम हुआ है जिसने वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में रविवार को अहमदाबाद नगर निगम (AMC) ने एक घंटे में 3.61 लाख से अधिक पौधारोपण का ‘ गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ‘ बनाया. जापान की मियावाकी पद्धति के जरिए तेजी से पौधरोपण किया गया. 25,000 से ज्यादा स्वयंसेवकों की मदद से ये उपलब्धि हासिल हुई.

ये अभियान गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में 1.25 करोड़ और अहमदाबाद शहर में 50 लाख पेड़ लगाने की बड़ी योजना का हिस्सा है.
यह कार्यक्रम केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री तथा गांधीनगर लोकसभा सांसद अमित शाह की मौजूदगी में आयोजित किया गया. अहमदाबाद नगर निगम के द्वारा ये पौधे गृह मंत्री अमित शाह के गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में आने वाले हिस्से में लगाए गए. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए पौधों के संरक्षण पर भी समान रूप से जोर दिया.
जिस तकनीक के द्वारा सिर्फ एक घंटे में 3.61 लाख पौधे लगा दिए, उसका नाम है, ‘मियावाकी पद्धति’. मियावाकी जंगलों को ‘पॉकेट फॉरेस्ट’ भी इसलिए कहा जाता है कि एक छोटी सी जगह पर अलग-अलग तरह के स्थानीय पेड़ों और पौधों को बहुत पास-पास लगाकर बनाया जाता है.
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, राज्य भाजपा अध्यक्ष, शहरी विकास और शहरी आवास मंत्री, मेयर, मुख्य सचिव, नगर आयुक्त, वरिष्ठ अधिकारी सहित कई और लोग शामिल हुए.
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण अब जन आंदोलन बन चुका है. इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए BAPS स्वयंसेवकों, CREDAI सदस्यों, पुलिस कर्मियों, NCC कैडेटों, NGO, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने इस वृक्षारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

