इंद्रपाल सिंह, इटारसी। मध्य प्रदेश के इटारसी में तब अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब केसला ब्लॉक के चिचवानी और उसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में सोमवार रात अचानक धरती कांप उठी। रात के शांत माहौल में आए भूकंप के इन झटकों से ग्रामीणों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। कंपन महसूस होते ही कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

ये भी पढ़ें: बिजली चोरी का प्रकरण बनाना JE को पड़ा महंगा, महिला और उसके साथियों ने घूंसों से पीटा, हमले का वीडियो आया सामने

रिक्टर स्केल पर 3.8 मापी गई तीव्रता

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) से मिले आंकड़ों के मुताबिक भूकंप के झटके 8 जून की रात करीब 9:39 बजे दर्ज किए गए। वैज्ञानिकों के अनुसार इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.8 मापी गई है। इसका केंद्र बिंदु 22.367 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 77.688 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था, जबकि इसकी गहराई जमीन के भीतर लगभग 10 किलोमीटर नीचे बताई गई है।

“ऐसा लगा जैसे पूरा मकान हिल गया हो…”

भूकंप का असर चिचवानी से करीब 2 किलोमीटर दूर स्थित छीतापुरा गांव में भी देखने को मिला। स्थानीय निवासी अभय कांत सल्लाम ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि मैं रात में छत पर सो रहा था, तभी अचानक कुछ सेकंड के लिए बहुत तेज कंपन महसूस हुआ। ऐसा लगा जैसे पूरा मकान ही हिल गया हो। इस खौफनाक अनुभव के बाद गांव के कई लोग पूरी रात ठीक से सो भी नहीं पाए।

ये भी पढ़ें: Cyber ​​Fraud: रिटायर्ड एक्साइज कर्मी को क्रेडिट कार्ड का झांसा, एक क्लिक और खाते से उड़ गए ₹2.62 लाख!

प्रशासन अलर्ट, जान-माल का नुकसान नहीं

राहत की बात यह है कि इस पूरी घटना में अब तक क्षेत्र से किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान या मकानों में दरार आने की सूचना नहीं मिली है। स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि उन्हें भूकंप के झटकों की जानकारी मिली है और वे पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। संबंधित विभागों से मैदानी रिपोर्ट ली जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में शांति है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m