इंदर कुमार, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में साइबर ठगों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बार शातिर ठगों ने एक रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी को अपना शिकार बनाया है। क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा देकर जालसाजों ने बुजुर्ग के खाते से 2 लाख 62 हजार रूपए पार कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर लार्डगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: कमिश्नर के अल्टीमेटम से मचा बवाल: 325 होटल और अस्पतालों पर मंडराया सीलिंग का खतरा!
क्रेडिट कार्ड के नाम पर आया था फोन
जानकारी के मुताबिक ठगी का शिकार हुए पीड़ित लार्डगंज थाना क्षेत्र के यादव कॉलोनी के निवासी हैं और आबकारी विभाग (Excise Department) से रिटायर्ड कर्मचारी हैं। कुछ दिनों पहले उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले आरोपी ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए उन्हें नया क्रेडिट कार्ड बनवाने का ऑफर दिया।
मोबाइल पर लिंक भेजकर उड़ाए ₹2.62 लाख
आरोपी ने रिटायर्ड एक्साइज कर्मी को अपनी बातों के जाल में फंसाया और क्रेडिट कार्ड की प्रोसेस पूरी करने के बहाने उनके मोबाइल पर एक लिंक सेंड कर दी। जैसे ही पीड़ित ने उस लिंक पर क्लिक किया, उनके बैंक खाते से पैसे कटने के मैसेज आने शुरू हो गए। देखते ही देखते ठगों ने उनके अकाउंट से 2 लाख 62 हजार रुपए की बड़ी रकम उड़ा ली।
लार्डगंज थाने में मामला दर्ज
खाते से इतनी बड़ी रकम गायब होने के बाद पीड़ित के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत बैंक से संपर्क कर अपना खाता ब्लॉक कराया और लार्डगंज थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ धोखाधड़ी (Fraud) का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की सायबर सेल टीम अब उस मोबाइल नंबर और बैंक खातों को ट्रेस करने में जुट गई है, जिसमें पैसे ट्रांसफर हुए हैं।
ये भी पढ़ें: गैंगस्टर विक्रम राणा पर हमला: बदमाशों ने ऑटो रुकवाकर की सरेराह पिटाई, फायरिंग फेल हुई तो लाठी-डंडों से किया अधमरा
पुलिस ने आमजन से की अपील
लार्डगंज पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आने वाले क्रेडिट कार्ड, लॉटरी या लोन के झांसे में न आएं। मोबाइल पर आए किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपना ओटीपी किसी से शेयर करें।

