कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर में बेखौफ बदमाशों ने बीच सड़क पर एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए कुख्यात गैंगस्टर विक्रम राणा पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले फायरिंग की कोशिश की लेकिन जब वह नाकाम रही तो उन्होंने लाठी-डंडो से विक्रम राणा को बेरहमी से पीट दिया। यह घटना मुरार थाना क्षेत्र की है।
ये भी पढ़ें: कमिश्नर के अल्टीमेटम से मचा बवाल: 325 होटल और अस्पतालों पर मंडराया सीलिंग का खतरा!
बीच सड़क ऑटो रुकवाकर बोला धावा
वारदात मुरार थाना क्षेत्र के कचरा गोदाम गौशाला के पास हुई। गैंगस्टर विक्रम राणा जब वहां से गुजर रहा था तभी कार सवार बदमाशों ने बीच सड़क पर उसका ऑटो रुकवा लिया। कार से उतरे बदमाशों ने विक्रम राणा पर हथियार तान दिए। हमलावरों ने फायरिंग करने का प्रयास किया लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद बदमाशों ने लाठी-डंडों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
भीड़ जुटते ही भागे आरोपी, आमोद राणा पर आरोप
सरेराह हो रही इस मारपीट को देखकर जब मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुटने लगी तो आरोपी अपनी कार में सवार होकर मौके से रफूचक्कर हो गए। इस हमले का आरोप आमोद राणा और उसके साथियों पर लगा है। पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
अस्पताल से बिना FIR किए चला गया था विक्रम राणा
घटना की सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में घायल विक्रम राणा को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार मिलने के बाद विक्रम राणा शुरुआत में पुलिस को एफआईआर (FIR) लिखाने में आनाकानी करने लगा और बिना शिकायत दर्ज कराए ही वहां से चला गया। हालांकि, बाद में उसने थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
ये भी पढ़ें: भोपाल में MLA के सरकारी आवास में चोरी: PA का लैपटॉप, नकदी, ATM कार्ड और महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब, CCTV के आधार पर चोरों की तलाश जारी
पुलिस ने आमोद राणा के खिलाफ दर्ज की शिकायत
मुरार थाना पुलिस ने विक्रम राणा की शिकायत पर आमोद राणा और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फायरिंग के प्रयास, मारपीट और जान से मारने की धमकी की धाराओं के तहत मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

