उमेश यादव, सागर। खुरई में बिजली चोरी के मामले में की गई विभागीय कार्रवाई विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर को भारी पड़ गई। बिजली चोरी का प्रकरण दर्ज किया जाना एक महिला को इतना नागवार गुजरा की वो अपने परिचित अधिवक्ता और दो अन्य लोगों के साथ विद्युत विभाग पहुंच गई। सभी ने जूनियर इंजीनियर के कक्ष में घूसकर अधिकारी को पहले कुर्सी से उठाया और फिर उनपर हमला बोलते हुए पिटाई शुरू कर दी। मामले में शहरी थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं एवं एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: Cyber Fraud: रिटायर्ड एक्साइज कर्मी को क्रेडिट कार्ड का झांसा, एक क्लिक और खाते से उड़ गए ₹2.62 लाख!
विद्युत विभाग की कार्रवाई से महिला नाराज
जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर कैलाश बेलदार ने आवास कॉलोनी निवासी मेवा लोधी के खिलाफ बिजली चोरी का प्रकरण बनाया था। आरोप लगाए गए थे कि महिला मीटर से छेड़छाड़ कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रही थी। बिजली विभाग की यह कार्रवाई महिला को नागवार गुजरी और अपने साथियों अधिवक्ता संतोष सिंह, नरेंद्र कुर्मी और एक अन्य युवक के साथ बिजली ऑफिस जा पहुंची।
कक्ष में घूसकर मारपीट
आरोप है कि कार्यालय पहुंचते ही अधिवक्ता संतोष सिंह ने जूनियर इंजीनियर कैलाश बेलदार को पकड़कर कुर्सी से उठाया। फिर साथ आए सभी लोगों ने मिलकर उनकी पिटाई शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।
अन्य कर्मचारियों ने किया हस्तक्षेप
महिला व उनके परिचितों द्वारा पिटाई किए जाने के दौरान हुए शोर शराबे को सुनकर साथी कर्मचारी जूनियर इंजीनियर के कक्ष में पहुंचे और बीचबचाव किया। अन्य कर्मचारियों की समझाइश और हस्तक्षेप के बाद हमलावर शांत हुए और कक्ष से बाहर निकले।
ये भी पढ़ें: गैंगस्टर विक्रम राणा पर हमला: बदमाशों ने ऑटो रुकवाकर की सरेराह पिटाई, फायरिंग फेल हुई तो लाठी-डंडों से किया अधमरा
पीड़ित अधिकारी ने थाने मे दर्ज करवाई शिकायत
घटना के बाद पीड़ित जूनियर इंजीनियर कैलाश बेलदार ने शहरी थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने तथा एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

