भुवनेश्वर: ओडिशा के देवगढ़ जिले में सोमवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.9 मापी गई। इसका असर पड़ोसी जिले अनुगुल के कई इलाकों में भी देखने को मिला।

एनसीएस के मुताबिक, भूकंप 28 सितंबर 2026 की रात 10:48:20 बजे आया। भूकंप का केंद्र 21.179° उत्तर अक्षांश और 84.774° पूर्व देशांतर पर जमीन से लगभग 20 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। एजेंसी ने इसे एक ‘रिव्यूव्ड इवेंट’ श्रेणीबद्ध किया है। भूकंप के झटके देवगढ़ जिले के कई हिस्सों में महसूस किए गए, जिनमें चढ़ेईमारा, बारकोट, देवगढ़ शहर, कुंधेईगोला और रीमल शामिल हैं।

इसके अलावा, पड़ोसी अनुगुल जिले के खमार, पाटकामुंडा, कोसला, बागड़िया,छेन्डीपदा ब्लॉक के कुछ हिस्सों में भी हल्की सीस्मोलॉजी हलचल दर्ज की गई। अचानक हुई भू-गर्भीय हलचल के कारण प्रभावित इलाकों के निवासियों में डर का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर कई लोग तुरंत अपने घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों की ओर भागते देखे गए।

राहत की बात यह है कि भूकंप से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान या इमारतों की क्षति की कोई खबर नहीं है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है, और झटकों की तीव्रता तथा किसी भी संभावित प्रभाव से संबंधित विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H