सुशील सलाम,कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले में लगातार हो रही सोलर पंप, सोलर प्लेट पैनल, स्टार्टर और केबल वायर चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 32 लाख 60 हजार रुपये से ज्यादा की चोरी की संपत्ति एवं वाहन बरामद किए हैं।

दरअसल, पिछले 6 से 8 महीनों से नरहरपुर, दुधावा, हल्बा और चारामा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में किसानों द्वारा सिंचाई कार्यों में उपयोग किए जाने वाले सोलर उपकरणों की लगातार चोरी हो रही थी। पुलिस ने तकनीकी सबूतों के आधार पर जांच करते हुए संदिग्धों की पहचान की।

 पुलिस ने  ग्राम बागडोंगरी निवासी जगदीश बंजारा और जामगांव निवासी परमेश्वर राठौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपने साथी उड़ीसा के नवरंगपुर जिले के कोरडीही में रहने वाले मंहगू मरकाम के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कही। 

आरोपियों ने बताया कि वे कांकेर जिले के विभिन्न इलाकों से सोलर पैनल, पंप, स्टार्टर और केबल वायर चोरी कर टाटा एस गोल्ड मैजिक वाहन से उड़ीसा ले जाकर बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उड़ीसा के 13 अलग-अलग जगहों से 60 सोलर प्लेट पैनल, 7 सोलर फ्रेम सेट, 14 सोलर पंप, 14 स्टार्टर और बड़ी मात्रा में केबल वायर बरामद किया। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत 25.60 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त टाटा एस गोल्ड मैजिक वाहन, कटर मशीन और टूल किट भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 7 लाख रुपये है।

गिरफ्तार आरोपियों में जगदीश बंजारा निवासी बागडोंगरी, परमेश्वर राठौर निवासी जामगांव और मंहगू मरकाम निवासी कोरडीही, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा) शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ नरहरपुर, दुधावा, हल्बा और चारामा क्षेत्र में दर्ज कुल 16 चोरी के मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m