मनोज परिहार, विदिशा। मध्य प्रदेश की विदिशा पुलिस ने नशीला पदार्थ उपलब्ध कराने के मामले में सख्त कार्रवाई की है। राजधानी भोपाल से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन तीनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का अपराध दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

कोतवाली पुलिस ने भारी मात्रा में 230 एमएल एविल इंजेक्शन जब्त किया है। विदिशा पुलिस की ओर से नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और उपलब्धता के माध्यम से लोगों के जीवन को खतरे में डालने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। थाना कोतवाली क्षेत्र में नशीले पदार्थों के सेवन से युवक की मृत्यु के मामले में मर्ग जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों पर गैर इरादतन हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया है।

बिना पर्ची के खरीदता था दवा

जांच के दौरान परिजनों, साक्षियों के कथनों और अन्य साक्ष्यों से सामने आया कि मृतक नशे का सेवन करता था। विदिशा में स्मैक उपलब्ध नहीं होने के कारण वह कुछ माह से एविल इंजेक्शन में अल्प्राजोलम दवा मिलाकर नशा करने लगा था। जांच में यह भी सामने आया कि वह भोपाल स्थित ग्लोबल मेडिकल स्टोर और इंडियन मेडिकल स्टोर से बिना चिकित्सकीय पर्चे के दवाइयां खरीदता था।

ये भी पढ़ें: 11.63 करोड़ की साइबर ठगी में सिंगरौली के 2 आरोपी गिरफ्तार, सत्य सनातन ट्रस्ट के बैंक खाते से जुड़ा मामला, अब तक 8 दबोचे गए

मेडिकल स्टोर्स में बिक रहा था नशीला पदार्थ

इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी ने बताया कि 25 सितंबर 2026 को आदर्श मालवीय का मर्ग कोतवाली में पंजीबद्ध किया गया था। जिसमें मर्ग जांच के दौरान पीएम रिपोर्ट में नशीले पदार्थ की उपस्थिति पाई गई थी। इस पर पुलिस ने जांच में पाया कि भोपाल के दो मेडिकल स्टोर्स का नाम आया था, जो अवैध रूप से नशीला पदार्थ (इंजेक्शन) का विक्रय करते पाए गए।

एएसपी मोनिका तिवारी ने बताया कि ड्रग्स इंस्पेक्टर भोपाल कपिल गुप्ता के साथ पुलिस द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई। भोपाल के दोनों मेडिकल स्टोर्स में दबिश दी गई, जहां पर अवैध इंजेक्शन और नशीले पदार्थ बिना दवाई पर्ची (Prescription) के बेचते हुए पाया गया। जिस पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m