प्रदीप गुप्ता, कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में कोदो की फसल कटाई के बाद खेतों में बची नरई चरने से करीब 40 गायों के बीमार होने की खबर सामने आई है। इतना ही नहीं इनमें से 3 गायों की मौत भी हो गई है। घटना के बाद पशुपालकों में चिंता और नाराजगी का माहौल है।

40 बिमार गायों में 3 की मौत
यह पूरा मामला सहसपुर लोहारा जनपद पंचायत अंतर्गत सूरजपुरा जंगल और पिरचाटोला का है। बताया जा रहा है कि कोदो फसल की कटाई के बाद खेतों में बची नरई को चरने से सभी 40 गाय बिमार पड़ गई और तीन की मौत भी हो गई, जिससे हड़कंप मच गया।

सूचना के 12 घंटे बाद भी इलाज नहीं मिलने का आरोप
पशुपालकों का आरोप है कि मवेशियों के बीमार होने की सूचना पशु चिकित्सा विभाग को देने के करीब 12 घंटे बाद भी समुचित उपचार की व्यवस्था नहीं की गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, मौके पर केवल दो गौ सेवकों को भेजा गया, लेकिन उनके पास आवश्यक दवाइयां नहीं थीं। ऐसे में बीमार मवेशियों को समय पर इलाज नहीं मिल पाने को लेकर पशुपालकों ने नाराजगी जताई है।

गायों की मौत के कारणों की पुष्टि बाकी
गायों की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। कोदो की नरई चरने और मवेशियों के बीमार होने के बीच संबंध की भी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। फिलहाल मामले में पशु चिकित्सा विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। अब देखना होगा कि विभाग की ओर से बीमार मवेशियों के उपचार और गायों की मौत के कारणों की जांच के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

