ODISHA DESK, रायगड़ा: रायगड़ा जीआरपी (सरकारी रेलवे पुलिस) ने रेलवे स्टेशन पर एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए राउरकेला इंटरसिटी एक्सप्रेस से तीन लापता बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। बच्चों के सकुशल मिलने से उनके चिंतित परिजनों ने बड़ी राहत की सांस ली है।
बचाए गए बच्चों की पहचान रायगड़ा जिले के टिकिरी थाना अंतर्गत दलित शाही के रहने वाले गुड्डू नायक (10), संजय कुलेसिका (8) और प्रीतम गराडा के रूप में हुई है। खबरों के मुताबिक, तीनों बच्चे अपने घर पर रिश्तेदारों से मिलने जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की और कोई सुराग न मिलने पर आखिरकार टिकिरी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत दर्ज होने के बाद टिकिरी पुलिस ने तुरंत आसपास के सभी थानों और रेलवे पुलिस को अलर्ट कर दिया। इसी बीच रायगड़ा रेलवे स्टेशन पर रूटीन चेकिंग के दौरान जीआरपी के जवानों को ये तीनों बच्चे राउरकेला इंटरसिटी एक्सप्रेस के पास प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए दिखाई दिए, जिसके बाद उन्हें तुरंत सुरक्षा में ले लिया गया।
पूछताछ के दौरान बच्चों ने बताया कि वे केवल रायगड़ा शहर घूमने के इरादे से ट्रेन में सवार होकर यहां आ गए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद बाल कल्याण समिति (CWC) के सदस्य जीआरपी थाने पहुंचे और बच्चों की काउंसलिंग की। इसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों को सूचित किया। थाने पहुंचे परिवार वाले अपने बच्चों को सही-सलामत पाकर भावुक हो गए और उन्हें अपने साथ घर ले गए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

