कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मोबाइल पर बात करने से रोकने पर नाराज तीन सगी बहनें घर से लापता हो गईं। इनमें एक 18 साल की बालिग और दो नाबालिग बहनें हैं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। जांच में तीनों की लोकेशन दिल्ली के चाइल्डलाइन सेंटर पर मिली है। मुरार पुलिस की टीम उन्हें लेने दिल्ली रवाना हो गई है।
मामला मुरार थाना क्षेत्र के बड़ा गांव का है। यहां रहने वाले ज्ञान सिंह वेल्डिंग का काम करते हैं। 26 अक्टूबर को काम से घर लौटने पर उन्होंने अपनी बड़ी बेटी प्रियंका को छिपकर मोबाइल पर बात करते देखा। पिता ने उसे डांटते हुए मोबाइल पर छिपकर बात करने से मना किया। बताया जा रहा है कि इस बात से तीनों बहनें नाराज हो गई थीं। अगले दिन 27 अक्टूबर को ज्ञान सिंह काम पर चले गए और उनकी पत्नी मधु घरेलू सामान खरीदने बाजार गई थीं।
शाम करीब पांच बजे जब वह घर लौटीं तो तीनों बेटियां गायब मिलीं। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मुरार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई,पुलिस ने गुमशुदगी और अपहरण से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान तीनों बहनों की लोकेशन दिल्ली के एक चाइल्डलाइन सेंटर पर मिली। इसके बाद मुरार पुलिस की टीम उन्हें लेने दिल्ली रवाना हो गई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों को ग्वालियर लाकर परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

