लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले पौधरोपण महायज्ञ-2026 के तहत योगी सरकार एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर व्यापक अभियान चलाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण करेंगे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि यह अभियान जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी और जनसहभागिता के साथ उत्सव के रूप में मनाया जाए।
दोनों डिप्टी सीएम करेंगे पौधारोपण
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य झांसी तथा ब्रजेश पाठक लखनऊ में पौधरोपण करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी लखनऊ में इस अभियान में शामिल होंगे। वन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना और राज्यमंत्री केपी मलिक मुख्यमंत्री के साथ गोरखपुर में पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इस महाअभियान में केंद्र सरकार के कई मंत्री भी अलग-अलग जनपदों में पौधरोपण करेंगे। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी बागपत, जितिन प्रसाद पीलीभीत, अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर, एसपी सिंह बघेल आगरा, कीर्तिवर्धन सिंह गोंडा, बीएल वर्मा बदायूं और कमलेश पासवान देवरिया में पौधे लगाएंगे।
READ MORE: पलभर में उजड़ गई दुनिया… अयोध्या से दर्शन कर लौट रहे भाई-बहन की सड़क हादसे में मौत
प्रदेश सरकार के मंत्रियों को भी विभिन्न जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सूर्य प्रताप शाही देवरिया, सुरेश खन्ना शाहजहांपुर, स्वतंत्र देव सिंह जालौन, भूपेंद्र चौधरी मुरादाबाद, योगेंद्र उपाध्याय आगरा, बेबीरानी मौर्य एटा, लक्ष्मी नारायण चौधरी मथुरा, जयवीर सिंह फिरोजाबाद, धर्मपाल सिंह बरेली, नंदगोपाल गुप्ता ‘नंदी’ प्रयागराज, अनिल राजभर चंदौली, राकेश सचान कानपुर नगर, ए.के. शर्मा आजमगढ़, संजय निषाद अंबेडकरनगर, ओमप्रकाश राजभर गाजीपुर, दारा सिंह चौहान मऊ, सुनील कुमार शर्मा नोएडा, मनोज पांडेय प्रतापगढ़ तथा अनिल कुमार बिजनौर में पौधरोपण करेंगे। इसके अलावा अन्य राज्यमंत्री भी विभिन्न जनपदों में अभियान का हिस्सा बनेंगे।
READ MORE: जनता भाजपा सरकार को… अखिलेश यादव ने 2027 का इलेक्शन को बताया संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय को बचाने का चुनाव, कर दी बड़ी अपील
पौधरोपण महाअभियान में आयोगों, बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी भी जनता के बीच रहकर पौधे लगाएंगे। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान, अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा, महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, बिरजू महाराज कथक संस्थान की अध्यक्ष कुमकुम धर तथा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव समेत कई पदाधिकारी अलग-अलग जिलों में अभियान में भाग लेंगे।
प्रदेश सरकार का कहना है कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा और प्रदेश को हरित बनाने की दिशा में यह अब तक का सबसे बड़ा पौधरोपण अभियान होगा।

