जौनपुर। प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने जिले के मुंगराबादशाहपुर के एक परिवार की खुशियां छीन ली। अयोध्या धाम से दर्शन कर लौट रहे परिवार की वैगनआर कार पिकअप वाहन से टकरा गई। टक्कर के बाद पिकअप कार के ऊपर पलट गई जिससे कार में बैठे सगे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय पीछे चल रही दूसरी कार में मौजूद परिजन कुछ ही दूरी से यह मंजर देखते रह गए।

मनकापुर के रहने वाले थे दोनों

मृतकों की पहचान नईगंज निवासी 25 वर्षीय आकाश सोनी और उनकी 22 वर्षीय बहन प्रिया सोनी उर्फ रोली के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से गोंडा जिले के मनकापुर के रहने वाले थे। माता-पिता के निधन के बाद पिछले तीन वर्षों से वे अपनी बहन और जीजा मनीष सोनी के साथ मुंगराबादशाहपुर में रह रहे थे।मंगलवार को पूरा परिवार दो कारों से अयोध्या दर्शन के लिए रवाना हुआ था। दर्शन के बाद बुधवार रात सभी वापस लौट रहे थे। आगे चल रही वैगनआर में आकाश प्रिया और चालक मोहित सोनी निवासी मोहल्ला कटरा सवार थे जबकि पीछे दूसरी कार में मनीष सोनी अपनी पत्नी दीपा सोनी तथा बच्चों शौर्य, शिवाय और श्याम के साथ चल रहे थे।

READ MORE: ललितपुर में दिल दहला देने वाली घटना, आवारा गाय ने स्कूल से लौट रहे मासूम पर किया हमला, फिर…

स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य

रात करीब एक बजे रानीगंज क्षेत्र स्थित सरकारी अस्पताल के समीप वैगनआर की पिकअप से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन पलटकर कार के ऊपर जा गिरा। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।आकाश और प्रिया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि चालक मोहित सोनी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।पीछे आ रहे परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया।

READ MORE: अमृत सरोवर निर्माण में उत्तर प्रदेश देश में नंबर वन, 19,989 सरोवरों का हुआ निर्माण और पुनरुद्धार

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।घटना की सूचना मिलते ही मुंगराबादशाहपुर स्थित मृतकों के आवास पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। पूरे मोहल्ले में मातम पसरा है।मुंगराबादशाहपुर थानाध्यक्ष अश्विनी दूबे ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया गया है। पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं रानीगंज पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।