अंबाला। हरियाणा के अंबाला से एक बेहद हैरान और परेशान करने वाली घटना सामने आई है। यहां मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे एक चार साल का मासूम बच्चा खेलते-खेलते 220 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। यह हादसा अंबाला के धन्यौड़ा गांव में हुआ है। बच्चे का नाम निर्भय है, जो सुबह अपने पिता के साथ खेत पर आया था। फिलहाल बच्चे को सकुशल बाहर निकालने के लिए बड़े स्तर पर बचाव कार्य चलाया जा रहा है।

चाचा के खेत में खेल रहा था मासूम

ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक चार साल का निर्भय सुबह अपने पिता के साथ खेतों की तरफ गया था। वहां वह अपने चाचा हरनेक सिंह के खेत में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह खेत में ही खुले पड़े एक गहरे बोरवेल के पाइप में जा गिरा। बच्चे के गिरते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए।

प्रशासन के साथ सेना ने संभाली कमान

हादसे के तुरंत बाद परिजनों ने गांव के सरपंच और जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दी। खबर मिलते ही अंबाला के उपायुक्त अजय तोमर अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। बोरवेल की गहराई 220 फीट होने के कारण मामला बेहद गंभीर था, इसलिए तुरंत राज्य आपदा राहत बल यानी एसडीआरएफ और भारतीय सेना को मदद के लिए बुलाया गया। सेना के जवानों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m