अहमदाबाद: त्योहारों के सीजन में मिठाइयों की भारी मांग को देखते हुए मिलावटखोर सक्रिय हो गए हैं। अहमदाबाद नगर निगम (मनपा) के खाद्य विभाग ने छापेमारी कर त्योहारों के दौरान पामोलीन तेल से बनी नकली बर्फी और मिलावटी मावा बेचने की बड़ी साजिश का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के तहत प्रशासन ने गोमतीपुर स्थित एक कोल्ड स्टोरेज से लगभग 40,500 किलो मिलावटी मावा जब्त किया है, जबकि 1 लाख किलो मावे के स्टॉक को रोककर जांच के लिए प्रयोगशाला (लेबोरेटरी) भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि दिवाली के मौके पर मावे के नाम पर पामोलीन तेल से तैयार नकली बर्फी मात्र ₹200 प्रति किलो के हिसाब से बाजार में खपाने की तैयारी की जा रही थी। व्यापारियों की इस बड़ी तैयारी को देखते हुए प्रशासन की टीम ने गोमतीपुर के कोल्ड स्टोरेज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां ‘रजवाड़ी स्वीट’ और ‘इंडियन डेजर्ट’ जैसे ब्रांड नामों से 30-30 किलो के लगभग 1,380 कट्टे रखे पाए गए। इन कट्टों पर न तो कोई बैच नंबर दर्ज था और न ही एक्सपायरी डेट लिखी गई थी। इसके बाद अधिकारियों ने ₹60.75 लाख मूल्य के 40,500 किलो मावे का स्टॉक तुरंत जब्त कर लिया।
प्रशासन ने कुल 6 प्रमुख विक्रेताओं के कोल्ड स्टोरेज में रखे स्टॉक से सैंपल हासिल किए हैं। इनमें हसमुखभाई मावावाला, तुलसी मावा सेंटर, रजवाड़ी स्वीट, इंडियन डेजर्ट, पुरोहित मावावाला और एस.के. मावावाला शामिल हैं। खाद्य सुरक्षा कानून के तहत, बिना मानक, गलत ब्रांडिंग (मिसब्रांडेड) और सेहत के लिए नुकसानदेह सामग्री बेचने पर धारा 50 के तहत सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
विशेषज्ञों और अधिकारियों ने आम जनता को त्योहारों के दौरान सावधान रहने की सलाह दी है। आहार विशेषज्ञों का कहना है कि व्यापारियों को लोगों की सेहत का ध्यान रखते हुए शुद्ध सामग्री का उपयोग करना चाहिए और पामोलीन तेल से बनी बर्फी के इस्तेमाल से बचना चाहिए। वहीं प्रयोगशाला प्रभारियों ने सलाह दी है कि लोग बिना रंग वाली मिठाइयां खरीदें, क्योंकि कृत्रिम रंगों से गले और पेट में परेशानी हो सकती है। दूध से बनी मिठाइयों को खरीदने के 3 दिनों के भीतर ही इस्तेमाल कर लेना चाहिए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

